पहली बार व्यावसायिक शिक्षा विभाग की राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता, केडी सिंह बाबू स्टेडियम में हुआ भव्य शुभारंभ

लखनऊ, 20 फरवरी। व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा पहली बार राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025-26 का आयोजन किया गया। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 20 से 22 फरवरी 2026 तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ में आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता का शुभारंभ विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्वलन, ध्वजारोहण, मार्च पास्ट की सलामी और प्रतिभागियों के शपथ ग्रहण के साथ कार्यक्रम का औपचारिक आगाज हुआ।

कौशल के साथ खेल, युवाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि विभाग का उद्देश्य कौशल प्रशिक्षण के साथ युवाओं को खेलों से जोड़कर उनका शारीरिक, मानसिक और सामाजिक सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में आईटीआई संस्थानों में खेल संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे विद्यार्थी आत्मविश्वासी और अनुशासित बन सकें।

उन्होंने कहा कि खेल न केवल फिटनेस का माध्यम हैं, बल्कि जीवन में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और आत्मबल का भी विकास करते हैं।

बालिकाओं को विशेष प्रोत्साहन

मंत्री ने प्रतिभागियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीत और हार जीवन का हिस्सा हैं, लेकिन निरंतर प्रयास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि योग्यता और आत्मविश्वास के साथ कोई भी बाधा उन्हें आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती। खेल युवाओं के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भरते हैं, जो समाज और राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं।

579 प्रतिभागी, 13 खेलों में मुकाबला

प्रमुख सचिव डॉ. हरिओम ने बताया कि विभाग द्वारा पहली बार इस प्रकार की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। जनपद एवं मंडल स्तर की चयन प्रक्रिया के बाद प्रदेशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों से कुल 579 प्रतिभागियों (271 महिला एवं 308 पुरुष) ने राज्य स्तर पर स्थान बनाया है।

प्रशिक्षण निदेशक अभिषेक सिंह के अनुसार, महिलाओं की प्रतियोगिताएं 20 फरवरी तथा पुरुष वर्ग की प्रतियोगिताएं 21 फरवरी को आयोजित होंगी, जबकि शेष प्रतियोगिताएं 22 फरवरी को सम्पन्न होंगी। प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की समुचित व्यवस्था की गई है।

प्रतियोगिता में 100, 200 और 400 मीटर दौड़, रिले, लंबी व ऊंची कूद, शॉटपुट, बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, रस्साकशी और खो-खो सहित कुल 13 खेलों में प्रतिभा का प्रदर्शन किया जा रहा है।

अधिकारियों और प्रशिक्षार्थियों की रही उपस्थिति

कार्यक्रम में राजेन्द्र प्रसाद (अतिरिक्त निदेशक), मानपाल सिंह (अतिरिक्त निदेशक), डी. के. सिंह (निदेशक-प्राविधिक), योगेन्द्र सिंह (संयुक्त निदेशक), अनिल वर्मा (संयुक्त निदेशक) सहित विभागीय अधिकारी, अनुदेशक, कार्यदेशक और बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे। दर्शक दीर्घा में विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों ने प्रतियोगिता का उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *