न्यूजीलैंड श्रृंखला से वनडे में वापसी करेंगे सिराज, श्रेयस अय्यर की भागीदारी फिटनेस पर निर्भर

न्यूजीलैंड श्रृंखला से वनडे में वापसी करेंगे सिराज, श्रेयस अय्यर

नयी दिल्ली, 3 जनवरी : अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय श्रृंखला के लिए घोषित 15 सदस्यीय भारतीय टीम में वापसी की है। वहीं, मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर की उपलब्धता भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) से फिटनेस मंजूरी मिलने पर निर्भर करेगी।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला में नजरअंदाज किए गए सिराज को एक बार फिर टीम में शामिल किया गया है। चयनकर्ताओं ने तेज गेंदबाजी आक्रमण में सिराज के साथ हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह पर भरोसा जताया है।

श्रेयस अय्यर नवंबर में ऑस्ट्रेलिया में खेली गई वनडे श्रृंखला के दौरान ‘स्प्लीन’ (तिल्ली) में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती हुए थे। बीसीसीआई के अनुसार, अय्यर को इस महीने विजय हजारे ट्रॉफी में मैच फिटनेस साबित करनी होगी, जिसके बाद ही उन्हें सीओई से अंतिम मंजूरी मिल सकेगी।

बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, “श्रेयस अय्यर की उपलब्धता बीसीसीआई सीओई से फिटनेस प्रमाण मिलने पर निर्भर करेगी।”

इस बीच, दिग्गज ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या को चयनकर्ताओं ने टीम में शामिल नहीं किया है। सीओई ने उन्हें एक मैच में 10 ओवर गेंदबाजी की अनुमति नहीं दी है और आगामी आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप को ध्यान में रखते हुए उनके कार्यभार को नियंत्रित किया जा रहा है।

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला में शानदार शतक लगाने के बावजूद ऋतुराज गायकवाड़ को इस बार टीम में जगह नहीं मिली। कप्तान शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में गायकवाड़ को मौका मिला था और उन्होंने रायपुर में नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए 83 गेंदों में 105 रन की पारी खेली थी।

शुभमन गिल वनडे कप्तानी की जिम्मेदारी एक बार फिर संभालेंगे। उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल ने टीम की कमान संभाली थी। विकेटकीपिंग विभाग में केएल राहुल के साथ ऋषभ पंत को दूसरे विकेटकीपर के रूप में बरकरार रखा गया है। पिछली श्रृंखला का हिस्सा रहे तिलक वर्मा और ध्रुव जुरेल सीनियर खिलाड़ियों की वापसी के कारण टीम से बाहर हो गए हैं।

टीम में रविंद्र जडेजा और वाशिंगटन सुंदर जैसे अनुभवी ऑलराउंडर शामिल हैं, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी चौथे तेज गेंदबाजी विकल्प के रूप में मौजूद हैं।

रोहित शर्मा और विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब केवल वनडे प्रारूप में खेल रहे हैं। उनकी मौजूदगी से वडोदरा, राजकोट और इंदौर में खेले जाने वाले मुकाबलों में दर्शकों की भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है।

यह तीन मैचों की वनडे श्रृंखला 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू होगी। इसके बाद 14 जनवरी को राजकोट और 18 जनवरी को इंदौर में शेष दो मुकाबले खेले जाएंगे।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे श्रृंखला के लिए भारतीय टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (उपकप्तान; फिटनेस मंजूरी के अधीन), वाशिंगटन सुंदर, रविंद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, प्रसिद्ध कृष्णा, कुलदीप यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, यशस्वी जायसवाल।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *