निर्वाचन आयोग लोकतंत्र का रक्षक नहीं, ‘वोट चोरी’ की साजिश का सहभागी बन गया है: राहुल गांधी

नयी दिल्ली, 24 जनवरी — कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को गुजरात में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर निर्वाचन आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर के तहत मुख्य विपक्षी दल के समर्थक मतदाताओं के नाम सुनियोजित ढंग से मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं और निर्वाचन आयोग अब लोकतंत्र का रक्षक नहीं, बल्कि “वोट चोरी” की साजिश का सहभागी बन चुका है।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर गुजरात कांग्रेस कमेटी के एक पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कहा कि गुजरात में एसआईआर के नाम पर संगठित और रणनीतिक तरीके से वोट चोरी की जा रही है। उन्होंने कहा, “जहां-जहां एसआईआर, वहां-वहां वोट चोरी। गुजरात में जो कुछ हो रहा है, वह कोई प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सुनियोजित वोट चोरी है।”

उन्होंने दावा किया कि एक ही नाम से हजारों आपत्तियां दर्ज की गईं, जो पूरी प्रक्रिया को संदिग्ध बनाती हैं। राहुल गांधी के अनुसार, चुन-चुनकर विशेष वर्गों और कांग्रेस समर्थक बूथों के मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जहां भाजपा को हार की आशंका होती है, वहां मतदाताओं को ही प्रणाली से बाहर कर दिया जाता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यही पैटर्न पहले अन्य राज्यों में देखा गया और अब वही “ब्लूप्रिंट” गुजरात, राजस्थान तथा उन सभी राज्यों में लागू किया जा रहा है, जहां एसआईआर थोपा गया है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि एसआईआर को “एक व्यक्ति, एक वोट” के संवैधानिक अधिकार को खत्म करने के हथियार में बदल दिया गया है, ताकि जनता नहीं, बल्कि भाजपा तय करे कि सत्ता में कौन रहेगा। उन्होंने कहा कि सबसे गंभीर सच्चाई यह है कि निर्वाचन आयोग अब लोकतंत्र की रक्षा करने के बजाय इस कथित वोट चोरी की साजिश में शामिल दिखाई देता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *