निगोहां प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट सीज़न-2 का भव्य शुभारंभ

लखनऊ, 12 दिसंबर 2025 – निगोहां प्रीमियम लीग क्रिकेट टूर्नामेंट सीज़न-2 का शुभारंभ शुक्रवार को लखनऊ के एसएनटी ग्राउंड पर हुआ। इस टूर्नामेंट में लखनऊ और रायबरेली की कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में पूर्व राज्यमंत्री व खेल सलाहकार अनुराग भदौरिया और सपा के प्रदेश सचिव अमर पाल सिंह ने फीता काटकर कार्यक्रम की शुरुआत की।

उद्घाटन के बाद पहला लीग मैच माती और बछरावां की टीमों के बीच खेला गया। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बछरावां की टीम 14.3 ओवर में 115 रन पर ऑलआउट हुई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी माती ने 12.3 ओवर में 4 विकेट खोकर 117 रन बनाकर मैच जीत लिया। मैन ऑफ़ द मैच का पुरस्कार निखिल को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए दिया गया।

दूसरा मुकाबला करोरा और एसएस निगोहां के बीच 12 ओवर का खेला गया। एसएस निगोहां ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 130 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी करोरा की टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए सिर्फ 6 ओवर में एक विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया।

टूर्नामेंट के आयोजक शैलेंद्र सिंह दीपू ने बताया कि सभी मैचों का लाइव प्रसारण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के खेल प्रेमी अपने मोबाइल पर भी मुकाबलों का आनंद ले पा रहे हैं।

उद्घाटन समारोह में एसएनबी इंटर कॉलेज के छात्र, एसबीएन कॉलेज के प्रबंधक अमरेंद्र सिंह यादव, पूर्व प्रधान अजय सिंह, पूर्व प्रधान भगवानपुर नीशू मिश्रा, एडवोकेट अनूप प्रताप सिंह, एडवोकेट प्रिंश सिंह, समाजसेवी कौशलेंद्र सिंह, पूर्व महामंत्री केकेवी विकास सिंह, नवीन मिश्रा और चंदन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट आने वाले दिनों में और भी रोमांचक मुकाबलों के साथ जारी रहेगा, जिसमें प्रतिभागी खिलाड़ियों के उत्साह और खेल कौशल को देखने का अवसर मिलेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *