मुंबई, 7 जनवरी । फिल्म निर्माता आदित्य धर की जासूसी थ्रिलर ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए अब तक की सबसे अधिक कमाई करने वाली हिंदी फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है। निर्माताओं ने बुधवार को बताया कि फिल्म ने देशभर में कुल 831 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया है।
रणवीर सिंह अभिनीत इस फिल्म ने रिलीज के 33वें दिन मंगलवार को 5.70 करोड़ रुपये की कमाई की, जिसके साथ ही इसकी कुल घरेलू कमाई 831.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। इस उपलब्धि के साथ ‘धुरंधर’ ने हिंदी फिल्मों की कमाई के मामले में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।
फिल्म निर्माताओं ने एक बयान में कहा, “एक बार फिर इतिहास रचा गया है। मंगलवार के कारोबार के साथ ‘धुरंधर’ आधिकारिक तौर पर अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। यह एक अभूतपूर्व उपलब्धि है, जिसने भारतीय बॉक्स ऑफिस की सफलता को नए सिरे से परिभाषित किया है।”
इससे पहले यह रिकॉर्ड अल्लू अर्जुन की 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ के हिंदी संस्करण के नाम था, जिसने 830 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अन्य शीर्ष कमाई करने वाली हिंदी फिल्मों में शाहरुख खान की ‘जवान’ (643 करोड़ रुपये) और हॉरर-कॉमेडी ‘स्त्री 2’ (627 करोड़ रुपये) शामिल हैं।
‘धुरंधर’ एक हाई-ऑक्टेन जासूसी फिल्म है, जिसका निर्देशन और लेखन आदित्य धर ने किया है। फिल्म की कहानी कंधार विमान अपहरण, 2001 संसद हमला और 26/11 मुंबई हमलों जैसी प्रमुख भू-राजनीतिक और आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि में खुफिया अभियानों के इर्द-गिर्द घूमती है।
इस फिल्म का निर्माण आदित्य धर और लोकेश धर ने ज्योति देशपांडे के जियो स्टूडियोज के सहयोग से बी62 स्टूडियोज के बैनर तले किया है। फिल्म में रणवीर सिंह के अलावा संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, आर. माधवन, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कई दिग्गज कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
इस बीच, बॉलीवुड स्टूडियो यश राज फिल्म्स ने भी ‘धुरंधर’ की टीम को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी है। प्रोडक्शन बैनर ने अपने संदेश में कहा, “धुरंधर सिर्फ एक फिल्म नहीं है, बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक ऐसा मील का पत्थर है, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।”
