दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई, बड़ी मात्रा में दूषित खाद्य सामग्री नष्ट

शाहजहांपुर, 13 अक्टूबर। दीपावली पर्व के दृष्टिगत मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने व्यापक छापामार अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ एवं जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह के आदेशों पर तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश मिश्रा के निर्देशानुसार सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में कई स्थानों पर छापे मारे गए और नमूने एकत्र किए गए।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी और खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने ओम काली स्वीट्स, अंजन चौकी के सामने स्थित प्रतिष्ठान पर छापा मारा, जहां गंदगी में तैयार किए जा रहे करीब 45 किलोग्राम खोया और 30 किलोग्राम सोहन पापड़ी को नष्ट कराया गया। इसका बाजार मूल्य लगभग ₹35,000 है। साथ ही 1 नमूना सोहन पापड़ी और 1 नमूना खोया का नियमानुसार संग्रहित किया गया।

इसी क्रम में परशुराम चौधरी डेरी से दूध और पनीर के नमूने लिए गए। तहसीलदार तिलहर के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मनोज कुमार ने कटरा क्षेत्र में तसलीम के प्रतिष्ठान से राईस ब्रान ऑयल का नमूना एकत्र किया और 255 लीटर तेल को सीज कर लिया, जिसका अनुमानित मूल्य ₹33,150 है।

पुवायां क्षेत्र में मां वैष्णो मिष्ठान प्रतिष्ठान, रामपुर से 50 किलोग्राम दूषित खोया और लड्डू नष्ट कराए गए, जिनकी अनुमानित कीमत ₹15,000 बताई गई। वहीं, जलालाबाद में उपजिलाधिकारी के नेतृत्व में 40 किलोग्राम लड्डू नष्ट किए गए।

सदर क्षेत्र के शाहबाज नगर में लौंज निर्माण इकाई पर भी छापा मारा गया, जहां से 1 नमूना लौंज का संग्रहित किया गया और 20 किलोग्राम दूषित लौंज को नष्ट किया गया, जिसकी कीमत लगभग ₹4,000 थी।

खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी बागीश मणि त्रिपाठी के नेतृत्व में जारी रही और अधिकारियों की टीम ने त्योहारों से पहले मिलावटखोरी पर सख्ती का संकेत दिया। विभाग ने स्पष्ट किया कि ऐसी कार्यवाहियां आगे भी लगातार चलती रहेंगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *