दिल्ली में बढ़ी ठंड की दस्तक, न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तक गिरने का अनुमान

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मौसम ने करवट ले ली है और अब ठंड का असर महसूस होने लगा है। सुबह और रात के समय सर्द हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार यानी 11 नवंबर को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

रविवार को दिनभर ठंड का अहसास बना रहा। सुबह जहां हल्की सर्द हवाओं ने कंपकंपी बढ़ाई, वहीं दिन चढ़ने पर सूरज की हल्की किरणें भी ठंडक को पूरी तरह दूर नहीं कर सकीं। शाम होते ही सिहरन बढ़ गई। दिल्लीवासियों ने अब एसी और कूलर के बाद पंखे भी बंद कर दिए हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 2.7 डिग्री अधिक है। राजधानी में अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत और न्यूनतम 36 प्रतिशत दर्ज की गई।

दिल्ली के रिज क्षेत्र को रविवार का सबसे ठंडा इलाका माना गया, जहां न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। इसके अलावा, लोधी रोड पर पारा 11 डिग्री, पालम में 11.9 डिग्री और आया नगर में 10.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

आईएमडी का पूर्वानुमान है कि सोमवार को दिल्ली में सुबह धुंध और हल्के कोहरे के बीच आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया कि एक पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल सक्रिय है और यह एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तरी हरियाणा के ऊपर समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर बना हुआ है, जिसके असर से आने वाले दिनों में उत्तर भारत में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *