नयी दिल्ली, 3 जनवरी । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आने वाले दिनों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की संभावना को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने रविवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि चार जनवरी से सात जनवरी के बीच राजधानी के कुछ इलाकों में शीत लहर जैसी स्थिति भी बन सकती है।
शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 1.2 डिग्री अधिक है। स्टेशनवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री, लोधी रोड में 17.6 डिग्री, रिज में 16.3 डिग्री और आयानगर में 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान के मामले में सफदरजंग में 8.1 डिग्री, पालम में 7.9 डिग्री, लोधी रोड में 8 डिग्री और रिज में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आयानगर में तापमान सबसे कम 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
घने कोहरे के कारण शनिवार सुबह दृश्यता भी प्रभावित रही। आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग में सुबह करीब नौ बजे दृश्यता घटकर 800 मीटर रह गई, जो बाद में बढ़कर 1,200 मीटर तक पहुंची।
इस बीच, राजधानी की वायु गुणवत्ता भी चिंता का विषय बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 267 दर्ज किया गया, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। शहर के 14 निगरानी केंद्रों पर एक्यूआई ‘खराब’, 17 पर ‘बहुत खराब’ और छह केंद्रों पर ‘मध्यम’ श्रेणी में रहा। जहांगीरपुरी में एक्यूआई 340 के साथ सबसे खराब स्थिति दर्ज की गई।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली के मुताबिक, रविवार से छह जनवरी तक दिल्ली में एक्यूआई के ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बने रहने की आशंका है। निर्णय सहायता प्रणाली (डीएसएस) के अनुसार, दिल्ली के प्रदूषण में वाहनों का योगदान 10.7 प्रतिशत, परिधीय उद्योगों का 10.5 प्रतिशत और निर्माण गतिविधियों का 1.6 प्रतिशत रहा, जबकि एनसीआर जिलों में झज्जर का योगदान सबसे अधिक 16.7 प्रतिशत दर्ज किया गया।
मौसम और प्रदूषण की दोहरी मार को देखते हुए अधिकारियों ने नागरिकों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
