तलवारें बांटने और भड़काऊ नारेबाजी के आरोप में हिंदू रक्षा दल अध्यक्ष पिंकी चौधरी व बेटा गिरफ्तार

तलवारें बांटने और भड़काऊ नारेबाजी के आरोप में हिंदू रक्षा दल अध्यक्ष पिंकी चौधरी व बेटा गिरफ्तार

गाजियाबाद, 7 जनवरी । उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में खुलेआम तलवारें बांटने, जुलूस निकालने और आपत्तिजनक व सांप्रदायिक नारेबाजी करने के आरोप में पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी उर्फ ‘पिंकी’ चौधरी और उनके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (ट्रांस हिंडन) निमिष पाटिल ने बताया कि मंगलवार को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पिंकी चौधरी (50) और उनके बेटे हर्ष चौधरी (23) को 80 फुट रोड इलाके से गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले 27 दिसंबर की रात इसी मामले में हिंदू संगठन से जुड़े 10 कार्यकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, पिंकी चौधरी और उनके साथियों ने पिछले महीने शालीमार गार्डन कॉलोनी में घर-घर जाकर तलवारें, फरसे और अन्य धारदार हथियार बांटे थे। इसके अलावा आरोप है कि उन्होंने कॉलोनी में एक जुलूस भी निकाला, जिसमें मुस्लिम विरोधी भड़काऊ नारे लगाए गए और अपशब्दों का प्रयोग किया गया।

अधिकारी ने बताया कि इस मामले में संबंधित पुलिस चौकी के प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार की शिकायत पर 16 नामजद और 25 से 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पिंकी चौधरी के खिलाफ विभिन्न थानों में करीब 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि उनके बेटे हर्ष चौधरी के खिलाफ तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि इस मामले में फरार अन्य नामजद और अज्ञात अभियुक्तों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि शालीमार गार्डन कॉलोनी में तलवारें बांटने की घटना के बाद पिंकी चौधरी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया था। वीडियो में उसने दावा किया था कि कथित तौर पर हिंदू परिवारों पर हमले और महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं के विरोध में 250 हथियार बांटे गए हैं। पुलिस का कहना है कि वीडियो की भी जांच की जा रही है और मामले में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *