तमिलनाडु चुनावी शंखनाद: प्रधानमंत्री मोदी का द्रमुक पर तीखा हमला, पार्टी को बताया ‘सीएमसी’

मदुरंतकम/चेन्नई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के प्रचार अभियान की औपचारिक शुरुआत करते हुए सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने द्रमुक को ‘सीएमसी’ करार देते हुए कहा कि इसका अर्थ है— करप्शन, माफिया और क्राइम।

राजग के घटक दलों अन्नाद्रमुक, एएमएमके और पीएमके (अंबुमणि गुट) के कार्यकर्ताओं और आम जनता की विशाल सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा,
“द्रमुक ‘सीएमसी’ है—भ्रष्टाचार, माफिया और अपराध को बढ़ावा देने वाली सरकार। तमिलनाडु की जनता ने द्रमुक और इस ‘सीएमसी’ संस्कृति को जड़ से उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।”

इस रैली में राजग के प्रमुख सहयोगी दल आॅल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) के महासचिव ई.के. पलानीस्वामी सहित गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तमिलनाडु में “भ्रष्ट” द्रमुक सरकार को विदाई देने का समय आ गया है। उन्होंने थिरुप्पारनकुंड्रम स्थित भगवान मुरुगन मंदिर में कार्तिकई दीपक जलाने के विवाद का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि जहां राजग नेताओं ने भक्तों के अधिकारों का समर्थन किया, वहीं द्रमुक ने वोट बैंक की राजनीति के लिए अदालत तक का सहारा लिया।

द्रमुक पर वंशवाद और भ्रष्टाचार के आरोप दोहराते हुए मोदी ने कहा,
“द्रमुक में तरक्की का रास्ता वंशवाद, भ्रष्टाचार, महिलाओं का शोषण और हमारी संस्कृति के अपमान से होकर गुजरता है।”

उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार का लोकतंत्र और जवाबदेही से कोई सरोकार नहीं है और वह “सिर्फ एक परिवार के हित में काम करती है।” प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य का बच्चा-बच्चा जानता है कि भ्रष्टाचार किस स्तर पर हो रहा है और पैसा किसकी जेब में जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु को द्रमुक के “चंगुल” से मुक्त कराने का आह्वान करते हुए राज्य में ‘डबल इंजन’ सरकार की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसी सरकार केंद्र के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी और राज्य के विकास व प्रगति को नई गति देगी।

राज्य में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए मोदी ने कहा कि अपराध और मादक पदार्थों की समस्या आम होती जा रही है। उन्होंने दावा किया कि युवा नशे की गिरफ्त में हैं और महिलाएं अपराध की घटनाओं से परेशान हैं।

दिवंगत मुख्यमंत्री जे. जयललिता को याद करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा,
“सेल्वी जे जयललिता ने तमिलनाडु में अपराध नियंत्रण में शानदार काम किया था, लेकिन आज महिलाओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।”

प्रधानमंत्री के इस आक्रामक भाषण को तमिलनाडु विधानसभा चुनावों से पहले राजग के सियासी अभियान का अहम संकेत माना जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *