लखनऊ, 13 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि केंद्र और राज्य की ‘डबल इंजन’ सरकार के नेतृत्व में प्रदेश की युवा शक्ति अब राष्ट्र शक्ति में बदल रही है।
मुख्यमंत्री लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम में युवक एवं महिला मंगल दलों को खेल सामग्री के वितरण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने बताया कि राज्य भर में 1.05 लाख से अधिक युवक और महिला मंगल दल सक्रिय हैं, जिन्हें वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन रैकेट सहित खेल सामग्री की किट प्रदान की गई है, ताकि वे ग्राम स्तर पर खेलों और सामाजिक जुड़ाव को प्रोत्साहित कर सकें।
योगी ने कहा, “खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ाते हैं, बल्कि टीम वर्क और अनुशासन की भावना भी विकसित करते हैं। गांवों में शुरू होने वाली प्रतियोगिताएं विधायक या सांसद स्तर के खेल टूर्नामेंट का रूप ले सकती हैं।”
उन्होंने खेलो इंडिया, फिट इंडिया, और सांसद खेल महोत्सव जैसे अभियानों की शुरुआत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना की और कहा कि यह कार्यक्रम समाज में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जारी विधायक खेल महोत्सव के माध्यम से हजारों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है।
योगी ने युवक एवं महिला मंगल दलों से खेल गतिविधियों के साथ-साथ गांवों में सांस्कृतिक और पारंपरिक कार्यक्रमों को पुनर्जीवित करने की अपील की। उन्होंने कहा, “लोकगीतों, नाटकों और प्रदर्शनों के जरिए हमारी पुश्तैनी परंपराओं को जीवित रखना जरूरी है।”
मुख्यमंत्री ने ‘मिशन शक्ति’ के पांचवें चरण में महिला मंगल दलों की भूमिका पर बल देते हुए उनसे ग्राम स्तर पर महिला सशक्तिकरण और कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान भी किया।
