टी20 विश्व कप पर बांग्लादेश का सख्त रुख: भारत में नहीं खेलेंगे, लेकिन आईसीसी से अब भी न्याय की उम्मीद

ढाका, 22 जनवरी । बांग्लादेश ने अगले महीने भारत में होने वाले आईसीसी टी20 विश्व कप को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए अपनी राष्ट्रीय क्रिकेट टीम को भारत न भेजने का फैसला किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) द्वारा मैचों के स्थल बदलने की मांग खारिज किए जाने के बाद बांग्लादेश ने यह कदम उठाया, जिससे टूर्नामेंट में उसकी जगह स्कॉटलैंड के शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है।

आईसीसी ने बुधवार को बांग्लादेश को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा था कि या तो वह भारत में खेलने के लिए सहमत हो या फिर उसकी जगह किसी अन्य टीम को शामिल किया जाएगा। आईसीसी ने यह भी कहा था कि भारत में बांग्लादेशी खिलाड़ियों, अधिकारियों या प्रशंसकों की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। बांग्लादेश को गुरुवार तक अंतिम निर्णय लेने का समय दिया गया था।

हालांकि, बांग्लादेश सरकार और क्रिकेट बोर्ड ने इस अल्टीमेटम को स्वीकार करने से इनकार कर दिया। राष्ट्रीय टीम के खिलाड़ियों के साथ बैठक के बाद बांग्लादेश के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट किया कि देश भारत में मैच नहीं खेलेगा।

नजरुल ने कहा,
“हमारे क्रिकेटरों ने विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने के लिए कड़ी मेहनत की है, लेकिन भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा संबंधी खतरे अब भी बने हुए हैं। यह चिंता किसी काल्पनिक विश्लेषण पर आधारित नहीं है।”

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश ने अभी उम्मीद नहीं छोड़ी है और टीम पूरी तरह तैयार है।
“हमें उम्मीद है कि आईसीसी हमारे वास्तविक सुरक्षा जोखिमों पर गंभीरता से विचार करेगा और हमें श्रीलंका में मैच खेलने की अनुमति देकर न्याय करेगा,” उन्होंने कहा।

बांग्लादेश को भारत में कुल चार मैच खेलने थे, जिनमें तीन कोलकाता और एक मुंबई में निर्धारित थे। सुरक्षा को लेकर चिंताएं उस समय और गहराईं जब तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को ‘चारों ओर हो रहे घटनाक्रमों’ का हवाला देते हुए भारतीय क्रिकेट बोर्ड के निर्देशों पर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से बाहर कर दिया गया।

नजरुल ने कहा कि टूर्नामेंट में भाग न लेने से होने वाले नुकसान की तुलना खिलाड़ियों, दर्शकों और पत्रकारों को एक जोखिमपूर्ण क्षेत्रीय राजनीतिक स्थिति में भेजने से होने वाली संभावित आपदा से करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा,
“विदेश में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है और यही कारण है कि यह निर्णय सरकार द्वारा लिया गया है।”

इससे पहले आईसीसी ने बांग्लादेश की सुरक्षा संबंधी आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा था,
“किसी भी स्वतंत्र सुरक्षा निष्कर्ष के अभाव में आईसीसी के लिए मैचों का स्थल बदलना संभव नहीं है। ऐसा करने से अन्य टीमों और प्रशंसकों के लिए गंभीर समस्याएं पैदा होंगी और यह एक ऐसी मिसाल कायम करेगा, जो आईसीसी के संचालन की निष्पक्षता, तटस्थता और अखंडता को प्रभावित कर सकती है।”

बांग्लादेश के इस फैसले के बाद अब रैंकिंग के आधार पर स्कॉटलैंड को टी20 विश्व कप में शामिल किए जाने की संभावना प्रबल हो गई है, हालांकि इस पर अंतिम मुहर आईसीसी द्वारा लगाई जानी बाकी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *