टी-20 वर्ल्ड कप 2026: पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच के बहिष्कार का किया ऐलान, क्रिकेट जगत में हलचल

पाकिस्तान ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के ख़िलाफ़ होने वाले मुक़ाबले का बहिष्कार करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेज़बानी में यह टूर्नामेंट 7 फ़रवरी 2026 से शुरू हो रहा है, जबकि भारत-पाकिस्तान के बीच हाई-वोल्टेज मैच 15 फ़रवरी को खेला जाना तय था।

पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा, “इस्लामी गणराज्य पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा लेने की मंज़ूरी दे दी है। हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फ़रवरी 2026 को भारत के ख़िलाफ़ निर्धारित मैच में मैदान पर नहीं उतरेगी।” इस बयान के बाद क्रिकेट जगत और प्रशंसकों के बीच तीखी प्रतिक्रियाएँ देखने को मिल रही हैं।

पाकिस्तान सरकार का यह फ़ैसला ऐसे समय आया है जब बीते कुछ दिनों से लगातार यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि टीम इंडिया के ख़िलाफ़ खेलने को लेकर अंतिम निर्णय राजनीतिक स्तर पर लिया जाएगा। पिछले हफ़्ते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नक़वी ने प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से मुलाक़ात के बाद संकेत दिया था कि सरकार इस मुद्दे पर सभी विकल्पों पर विचार कर रही है। नक़वी ने कहा था कि प्रधानमंत्री ने मामले को “समझदारी और व्यापक सोच” के साथ सुलझाने के निर्देश दिए हैं।

भारत-पाकिस्तान मैच को टी-20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा आकर्षण माना जाता है और इसके बहिष्कार से टूर्नामेंट की व्यावसायिक और खेल संबंधी रणनीतियों पर असर पड़ सकता है। आईसीसी की ओर से अब तक इस घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में आईसीसी, बीसीसीआई और पीसीबी के बीच इस मसले पर अहम बातचीत हो सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *