शाहजहांपुर। जालालाबाद की नवीन कृषि उत्पादन मंडी में इन दिनों कच्चे आलू की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालात यह हैं कि किसानों को न तो बीज और खाद की लागत निकल पा रही है और न ही मेहनत का उचित मूल्य मिल रहा है, जिससे किसान मजबूरी में आलू बेचने को विवश हैं।
मंडी में 20 हजार पैकेट आलू पहुंचने से दाम गिरे
रविवार को अढ़ती पिंकू शुक्ला ने बताया कि मंडी में करीब 20 हजार पैकेट आलू पहुंचे, जबकि व्यापारियों द्वारा सीमित मात्रा में खरीद किए जाने से कीमतों में गिरावट आ गई। उन्होंने कहा कि उनकी अढ़त पर अच्छी गुणवत्ता का आलू लाने वाले किसानों को अपेक्षाकृत बेहतर दाम मिल रहे हैं।
पिछले वर्षों की तुलना में इस बार भारी गिरावट
जालालाबाद ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत गुरुग्राम के किसान सुखबीर सिंह ने बताया कि इस वर्ष आलू का भाव पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम है। उन्होंने कहा कि मौजूदा कीमतों में किसानों की लागत तक नहीं निकल पा रही है। सुखबीर सिंह ने सरकार से आलू के उचित और स्थिर मूल्य सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि किसानों को मुनाफा मिल सके।
200 पैकेट आलू लाया किसान, सबसे कम भाव मिला
जालालाबाद ब्लॉक क्षेत्र के गांव सराय साधो निवासी किसान सरदार प्रदीप सिंह ने बताया कि वे करीब 200 पैकेट आलू लेकर मंडी आए थे, लेकिन उन्हें सबसे कम दाम मिला। कच्चे आलू को रोकना उचित न समझते हुए उन्होंने मजबूरी में फसल बेच दी। उन्होंने भी लागत न निकल पाने की पीड़ा जाहिर की।
अन्य जिलों से भी पहुंचते हैं व्यापारी
अढ़ती सुनील कुमार गुप्ता उर्फ छंगे लाल ने बताया कि जालालाबाद मंडी में बलिया, गोरखपुर, तमकुही, नेपाल, बिहार सहित कई अन्य जिलों से व्यापारी आलू खरीदने आते हैं, लेकिन इस समय आवक अधिक और खरीद कम होने से किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
