जलालाबाद–फर्रुखाबाद हाईवे पर दर्दनाक हादसा, बस–कार भिड़ंत में तीन की मौत, दो घायल

शाहजहांपुर, 11 मार्च। जनपद के शाहजहांपुर में जलालाबाद–फर्रुखाबाद मार्ग पर बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा अल्हागंज थाना क्षेत्र में सुगसुगी पुलिया के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार रोडवेज बस और अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर ही फंस गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों व मृतकों को कार से बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार कार में सवार अरुण (30), ऋषभ (32) और संजय (34) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अनिल पौद और गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए फर्रुखाबाद भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार आगरा नंबर की थी और उसमें सवार लोग लखीमपुर जनपद के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों के परिजनों को सूचना देने का प्रयास किया जा रहा है।

हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *