जयंत चौधरी फिर बने रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मथुरा अधिवेशन में सर्वसम्मति से चुनाव

केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी को एक बार फिर राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया गया। रविवार को मथुरा में आयोजित रालोद के राष्ट्रीय अधिवेशन में उन्हें निर्विरोध रूप से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव के बाद अपने संबोधन में जयंत चौधरी ने विपक्ष पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि “हम मजबूती से राजग के साथ खड़े हैं। प्रधानमंत्री ने मुझे बड़ी जिम्मेदारी दी है। विपक्ष के पास परिवार तो है, पर न नेता है और न ही नीति, इसलिए वह विफल हो रहा है।”

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की नीतियों और विचारों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। जयंत ने कहा कि रालोद की असली शक्ति गांव, किसान और गरीब हैं, और इन्हीं मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना पार्टी की सफलता की कुंजी है। उन्होंने महिला नेतृत्व को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को जल्द ही आरक्षण का लाभ मिलने वाला है।

चौधरी ने छाता की बंद पड़ी चीनी मिल को लेकर चिंता जताई और कहा कि इसे जल्द चालू कराना बेहद आवश्यक है। अधिवेशन में यह भी निर्णय लिया गया कि चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती देशभर में धूमधाम से मनाई जाएगी और इस अवसर पर सवा करोड़ पौधे लगाए जाएंगे।

रालोद, भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का एक महत्त्वपूर्ण घटक दल है। चुनाव के बाद जयंत चौधरी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।

रालोद के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने बताया कि मथुरा में हुआ राष्ट्रीय अधिवेशन कई दृष्टि से ऐतिहासिक रहा। इसमें किसानों पर केंद्रित आर्थिक प्रस्ताव, युवाओं और महिलाओं की जरूरतों को संबोधित करने वाला सामाजिक प्रस्ताव तथा भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव को स्वीकार करने वाला राजनीतिक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।

वर्तमान में रालोद के लोकसभा में दो, राज्यसभा में एक सदस्य हैं। उत्तर प्रदेश विधानसभा में पार्टी के नौ विधायक तथा विधान परिषद में एक सदस्य मौजूद है।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे : https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *