जनविश्वास की 154वीं कड़ी: डॉ. राजेश्वर सिंह का ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ कार्यक्रम जनता के बीच

लखनऊ, सरोजनीनगर: लोकतंत्र की आत्मा संवाद में बसती है, यही सोच लेकर सरोजनीनगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने रविवार को ग्राम पंचायत प्यारेपुर में 154वां ‘आपका विधायक – आपके द्वार’ जनसुनवाई शिविर सफलतापूर्वक आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, शिक्षा-खेल प्रोत्साहन, स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक सम्मान सुनिश्चित करना था।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और साइकिल, हैंडपंप, वृद्धा पेंशन, शादी अनुदान, राशन कार्ड, विधवा पेंशन, रोड व नाली, दिव्यांग पेंशन, मंदिर जीर्णोद्धार, बाल सेवा योजना और आयुष्मान कार्ड आदि से संबंधित 32 से अधिक प्रकरण प्रस्तुत किए। इनमें से 5 वृद्धों के आयुष्मान कार्ड तुरंत बनाए गए और अन्य मामलों में त्वरित कार्यवाही की गई।

Tender Palm Super Speciality Hospital के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण कैंप में 61 नागरिकों का नेत्र परीक्षण किया गया, और दृष्टि बाधित लाभार्थियों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क चश्मे उपलब्ध कराए जाएंगे।

शिक्षा को प्रेरित करने के लिए ‘गाँव की शान’ पहल के तहत हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चार मेधावियों को साइकिल, घड़ी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

युवाओं के लिए 168वें बॉयज यूथ क्लब और 105वें गर्ल्स यूथ क्लब का गठन किया गया, जिन्हें क्रिकेट, वॉलीबॉल, फुटबॉल और कैरम की पूर्ण स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान संजय यादव, मंडल अध्यक्ष शिव बख्श सिंह, पार्टी पदाधिकारी और चिकित्सकीय टीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ग्रामीणों को ताज़ा एवं पौष्टिक भोजन निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।

डॉ. राजेश्वर सिंह का यह साप्ताहिक जनसेवा अभियान सरोजनीनगर के प्रत्येक गाँव-मोहल्ले तक पहुँचकर विकास, सेवा और सम्मान की नई मिसाल स्थापित करता रहेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *