चीन का शक्सगाम घाटी पर दावा अस्वीकार्य, पूरा पीओके भारत का है: लद्दाख के राज्यपाल

चीन का शक्सगाम घाटी पर दावा अस्वीकार्य, पूरा पीओके भारत का है: लद्दाख के राज्यपाल

जम्मू, 13 जनवरी । लद्दाख के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने शक्सगाम घाटी पर चीन के दावे को सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) का पूरा क्षेत्र भारत का अभिन्न हिस्सा है और किसी भी प्रकार के विस्तारवादी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत आज पहले से कहीं अधिक मजबूत है और ऐसी किसी भी कोशिश को विफल कर दिया जाएगा।

गुप्ता ने यह प्रतिक्रिया चीन द्वारा शक्सगाम घाटी पर अपने क्षेत्रीय दावे दोहराए जाने के एक दिन बाद दी। भारत की आपत्तियों के बावजूद चीन ने सोमवार को इस क्षेत्र में अपनी अवसंरचना परियोजनाओं को “संदेह से परे” बताते हुए अपने दावे को दोहराया था।

यहां पत्रकारों से बातचीत में राज्यपाल ने कहा, “पूरा कश्मीर, जिसमें पाकिस्तान के कब्जे वाला हिस्सा भी शामिल है, हमारा है। हमें नहीं पता कि पाकिस्तान ने चीन के साथ क्या सौदा किया है, लेकिन चीन को यह समझना चाहिए कि उसकी विस्तारवादी नीति से उसे कुछ भी हासिल नहीं होगा। यह 1962 का भारत नहीं, 2026 का भारत है। भारत सक्षम है और ऐसे किसी भी प्रयास को नाकाम किया जाएगा। विदेश मंत्रालय इस मामले को देख रहा है।”

उन्होंने कहा कि भारत अपनी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी याद दिलाया कि चीन इससे पहले अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों पर भी दावा कर चुका है।

पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए गुप्ता ने कहा कि पड़ोसी देश ने अपने ही लोगों को धोखा दिया है और वह संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त रहा है। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान एक ऐसा देश बन गया है जिसे बेचा जा रहा है। उसे न तो अपनी संप्रभुता की चिंता है और न ही अपने नागरिकों की। बलूचिस्तान, सिंध और कराची में आवाजें उठ रही हैं, जहां पाकिस्तानी सेना द्वारा अत्याचार किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में वस्तुतः सेना का शासन है।”

संवेदनशील मुद्दों पर भड़काऊ बयानों से बचने की सलाह देते हुए राज्यपाल ने कहा कि पीओके को लेकर संसद का रुख पूरी तरह स्पष्ट है। उन्होंने कहा, “1994 में संसद द्वारा पारित प्रस्ताव साफ तौर पर कहता है कि पूरा पीओके भारत का हिस्सा है। ऐसे मुद्दों पर किसी भी तरह के भड़काऊ बयान नहीं दिए जाने चाहिए।”

सेना प्रमुख के हालिया बयान, जिसमें उन्होंने कहा था कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जारी है, पर प्रतिक्रिया देते हुए गुप्ता ने कहा कि सशस्त्र बलों को देश का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। उन्होंने कहा, “पूरा देश सेना के साथ खड़ा है। सेना प्रमुख ने एक जिम्मेदार बयान दिया है और मैं उसका स्वागत करता हूं।”

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान ने वर्ष 1963 में अवैध रूप से कब्जा किए गए शक्सगाम घाटी क्षेत्र के 5,180 वर्ग किलोमीटर भारतीय भूभाग को चीन को सौंप दिया था, जिसे भारत आज भी अपना अभिन्न अंग मानता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *