चांदी वायदा चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार, सोना 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर

नयी दिल्ली, 29 जनवरी । वैश्विक बाजारों में रिकॉर्ड तेजी और पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बीच गुरुवार को सर्राफा बाजार में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। चांदी की वायदा कीमतें छह प्रतिशत से अधिक बढ़कर पहली बार चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के पार पहुंच गईं, जबकि सोने ने 1.8 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का अब तक का सर्वोच्च स्तर छू लिया।

लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में तेजी जारी रखते हुए मार्च डिलीवरी वाली चांदी वायदा की कीमत 24,434 रुपये यानी 6.34 प्रतिशत बढ़कर 4,09,800 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। बीते पांच कारोबारी सत्रों में चांदी की कीमत 21 जनवरी को दर्ज 3,18,492 रुपये प्रति किलोग्राम (बंद भाव) से बढ़कर 91,308 रुपये यानी लगभग 29 प्रतिशत उछल चुकी है।

बाजार विश्लेषकों के अनुसार, चांदी की तेजी अभूतपूर्व रही है। महज आठ कारोबारी दिनों में चांदी तीन लाख रुपये से बढ़कर चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर तक पहुंच गई। चालू वर्ष में अब तक चांदी निवेशकों को करीब 74 प्रतिशत का शानदार रिटर्न दे चुकी है।

इस तेजी में सोना भी पीछे नहीं रहा। फरवरी डिलीवरी वाले सोना वायदा अनुबंध की कीमत 14,864 रुपये यानी लगभग नौ प्रतिशत की छलांग के साथ 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई। वहीं, अप्रैल डिलीवरी वाले सोना वायदा की कीमत 15,943 रुपये या नौ प्रतिशत बढ़कर 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए शिखर पर पहुंच गई।

आगमोंट की शोध प्रमुख रेनीशा चैनानी ने कहा, “सोने का 5,600 डॉलर (करीब 1,80,000 रुपये प्रति 10 ग्राम) से ऊपर जाना और चांदी का चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर को पार करना अल्पकालिक सट्टेबाजी नहीं, बल्कि बढ़ते वैश्विक और भू-राजनीतिक जोखिम प्रीमियम को दर्शाता है।”

अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी सर्राफा की कीमतों में ऐतिहासिक उछाल दर्ज किया गया। कॉमेक्स में सोने का वायदा पहली बार 5,600 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर को पार कर गया। दिन के कारोबार के दौरान अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 286.6 डॉलर यानी 5.4 प्रतिशत की तेजी के साथ 5,626.8 डॉलर प्रति औंस के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह, कॉमेक्स में चांदी वायदा ने भी नया इतिहास रचते हुए पहली बार 120 डॉलर प्रति औंस का स्तर पार किया। मार्च डिलीवरी वाली चांदी की कीमत 7.03 डॉलर यानी 6.2 प्रतिशत बढ़कर 120.56 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई।

विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक अनिश्चितता, सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और कमजोर मुद्राओं के बीच सोना-चांदी की कीमतों में फिलहाल ऊंचे स्तर बने रहने की संभावना है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *