घुसपैठ और एसआईआर मुद्दे पर तृणमूल पर हमलावर हुए नितिन नवीन, सत्ता परिवर्तन का आह्वान

कोलकाता, 28 जनवरी । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार पर घुसपैठ को संरक्षण देकर राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालने और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान आम लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों में सत्ता परिवर्तन का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य को मौजूदा हालात से मुक्ति दिलाना जरूरी है।

पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद पश्चिम बंगाल के अपने पहले दौरे पर दुर्गापुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नवीन ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस जानबूझकर राज्य की जनसांख्यिकी बदलने का प्रयास कर रही है। उन्होंने इसे “बंगाल को बांग्लादेश बनाने की साजिश” करार देते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।

नवीन ने कहा, “एक तरफ निर्वाचन आयोग घुसपैठियों और फर्जी मतदाताओं को हटाने के लिए दृढ़ संकल्पित है, वहीं दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस भय का माहौल बनाकर और गलत सूचना फैलाकर एसआईआर प्रक्रिया को पटरी से उतारने की कोशिश कर रही है।” उन्होंने टीएमसी के इस आरोप को खारिज किया कि निर्वाचन आयोग आम लोगों को परेशान कर रहा है।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “लोगों को परेशान निर्वाचन आयोग नहीं, बल्कि तृणमूल सरकार के एसडीओ और बीडीओ कर रहे हैं, जो भय पैदा कर आयोग को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं।” उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे एक “अस्थायी सरकार” के इशारे पर काम न करें।

जनसांख्यिकीय बदलाव के मुद्दे को ऐतिहासिक संदर्भ से जोड़ते हुए नवीन ने जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने पूर्वी पाकिस्तान में विलय के प्रयासों का विरोध किया था, जिसके कारण आज बंगाल अपने वर्तमान स्वरूप में है। उन्होंने दावा किया कि आज भी वैसी ही ताकतें सक्रिय हैं।

नवीन ने कहा, “जो लोग बंगाल की मिट्टी की संतान नहीं हैं, वे यहां अधिकार का दावा नहीं कर सकते। भाजपा कार्यकर्ता किसी भी तरह का बलिदान देने को तैयार हैं, लेकिन हम बंगाल को बांग्लादेश में मिलाने नहीं देंगे।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से घुसपैठ के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।

एसआईआर प्रक्रिया को आगामी विधानसभा चुनावों की व्यापक राजनीतिक लड़ाई से जोड़ते हुए भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी “दिल्ली में रोना रो रही हैं।” उन्होंने राज्य में “जंगलराज” होने का आरोप लगाते हुए कहा कि शासन की जगह भ्रष्टाचार और अराजकता ने ले ली है और पार्टी नेता खुलेआम “टीएमसी टैक्स” वसूल रहे हैं।

नवीन ने कहा कि भर्ती घोटालों से जुड़े कई मंत्री या तो जेल में हैं या जमानत पर बाहर हैं और भ्रष्टाचार के मामलों में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दुर्गापुर, जो कभी एक प्रमुख औद्योगिक केंद्र था, तृणमूल शासन में औद्योगिक ठहराव का शिकार हो गया है और युवाओं को राज्य से बाहर पलायन करना पड़ रहा है।

महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मुद्दे पर भी भाजपा अध्यक्ष ने राज्य सरकार को घेरा और दुर्गापुर में दुष्कर्म की एक घटना का जिक्र करते हुए प्रशासन पर संवेदनहीनता तथा आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।

धार्मिक मुद्दों पर बोलते हुए नवीन ने सनातन परंपराओं के साथ भेदभाव का आरोप लगाया और कहा कि जहां अजान पर कोई पाबंदी नहीं है, वहीं दुर्गा पूजा में अड़चनें डाली जाती हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी सनातनी इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।

आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “डबल इंजन की सरकार” ही एक “विकसित और स्वर्णिम बंगाल” का निर्माण कर सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *