गोरखपुर में आज निकलेगी विजयदशमी की भव्य शोभायात्रा, सीएम योगी करेंगे अगुवाई, रूट डायवर्जन लागू

गोरखपुर, 2 अक्टूबर 2025: गोरखपुर में विजयदशमी के पावन अवसर पर आज गोरक्षपीठाधीश्वर और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में भव्य पारंपरिक शोभायात्रा निकाली जाएगी। नाथपंथ की परंपराओं के अनुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी गोरखनाथ मंदिर में दिनभर धार्मिक अनुष्ठान और उत्सव का आयोजन किया जा रहा है।

 दिनभर चलेगा पूजन-अनुष्ठान का सिलसिला

यूपी के गोरखपुर में दशहरे पर गुरुवार शाम को गोरक्षपीठाधीश्वर की अगुवाई में भव्य पारंपरिक विजयदशमी शोभायात्रा निकाली जाएगी। गुरुवार दो अक्टूबर को गोरक्षपीठ में विजयदशमी पर नाथपंथ की विशेष परंपरा के अनुसार दिनभर अनुष्ठान का क्रम जारी रहेगा। सुबह 9:20 बजे से गोरक्षपीठाधीश्वर गुरु गोरखनाथ का विशिष्ट पूजन करेंगे।

 शाम 4 बजे निकलेगी शोभायात्रा

शाम 4 बजे से गोरखनाथ मंदिर से विजयदशमी की शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। गुरु गोरखनाथ का आशीर्वाद लेकर पीठाधीश्वर रथ पर सवार होकर यात्रा प्रारंभ करेंगे। तुरही, नगाड़े, बैंड-बाजे और भक्तिमय ध्वनि के बीच यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

शोभायात्रा का पहला पड़ाव मानसरोवर मंदिर होगा, जहां योगी आदित्यनाथ भगवान शिव और अन्य देव विग्रहों की पूजा-अर्चना और अभिषेक करेंगे। इसके बाद यात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां चल रही रामलीला में वे प्रभु श्रीराम का राजतिलक करेंगे। साथ ही श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा और आरती भी की जाएगी।

यात्रा के समापन पर शोभायात्रा पुनः गोरखनाथ मंदिर लौटेगी और शाम 7 बजे से दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा।

रूट डायवर्जन की व्यवस्था लागू

दशहरा और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को देखते हुए 2 से 4 अक्टूबर तक गोरखपुर में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। यह व्यवस्था प्रतिदिन शाम 4 बजे से प्रतिमा विसर्जन तक लागू रहेगी। इन तीनों दिनों में शहर में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि, इमरजेंसी और एंबुलेंस वाहनों को छूट दी गई है।

 प्रमुख डायवर्जन रूट:

लखनऊ की ओर से आने वाले भारी वाहन सहजनवा बाईपास से डायवर्ट होकर बाघागाड़ा, रामनगर कड़जहां होते हुए भेजे जाएंगे।

वाराणसी, आजमगढ़, मऊ और बड़हलगंज से आने वाले वाहन बेलीपार फोरलेन से कालेसर की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।

देवरिया और कुशीनगर की दिशा से आने वाले वाहन रामनगर कड़जहां और बाघागाड़ा होकर भेजे जाएंगे।

रोडवेज बसें मोहद्दीपुर, देवरिया बाईपास और अन्य वैकल्पिक मार्गों से चलेंगी।

फरेन्दा व पीपीगंज से गोरखनाथ मंदिर की ओर आने वाले भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।

तीन और चार पहिया वाहन नौसड़ तिराहा से बाघागाड़ा, रामनगर कड़जहां की ओर डायवर्ट रहेंगे।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और किसी भी तरह की असुविधा से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

 पात्र पूजा भी आज

नाथपंथ की परंपरा के अनुसार हर वर्ष की तरह विजयदशमी के दिन गोरखनाथ मंदिर में पात्र पूजा का भी आयोजन होगा, जिसमें पीठाधीश्वर की उपस्थिति में विशेष अनुष्ठान किए जाएंगे।

 प्रशासन की अपील:

जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि वे शोभायात्रा व रामलीला कार्यक्रम में शांति और सौहार्द बनाए रखें, किसी भी अफवाह से बचें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें। भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *