गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पुवायां में राष्ट्रीय मतदाता दिवस का आयोजन, पदयात्रा व संवाद से युवाओं को किया गया जागरूक

शाहजहांपुर, 25 जनवरी  — गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय मतदाता दिवस 2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) शाहजहांपुर के तत्वावधान में पुवायां क्षेत्र में मतदाता जागरूकता को लेकर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पदयात्रा और संवाद के माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदान के महत्व से जोड़ा गया।

आयोजन के दौरान MYBharat–MYVote पदयात्रा, प्रथम बार मतदाता बने युवाओं का सम्मान, मतदाता शपथ, रंगोली, ‘संडे ऑन साइकिल’ सहित विभिन्न रचनात्मक और जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद मिथिलेश कुमार ने नव युवा मतदाताओं को माय भारत बैज, कैप, टी-शर्ट और प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की निर्णायक भूमिका का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि पदयात्रा जैसे आयोजनों से स्वास्थ्य, सहभागिता और लोकतंत्र को जोड़ते हुए यह अभियान एक जनआंदोलन का स्वरूप ले रहा है।

विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष के. सी. मिश्रा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति संवेदनशील बनाना, मतदाता पंजीकरण को बढ़ावा देना तथा निर्वाचन से जुड़े विवरणों में सुधार के प्रति जागरूकता फैलाना है, ताकि लोकतांत्रिक व्यवस्था को जमीनी स्तर पर मजबूती मिल सके।

जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि यह एक राष्ट्रव्यापी युवा सहभागिता पहल है, जिसका लक्ष्य जागरूक, नैतिक और सक्रिय निर्वाचन भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की भागीदारी ही राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष संजय गुप्ता, संघ जिला प्रचारक अभिनव, नगर अध्यक्ष अर्पित गुप्ता, विद्यालय निदेशक राजीव शर्मा, प्रधानाचार्या मधु सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी डॉ. विनय सक्सेना, भोर फाउंडेशन से स्वाति सिंह व निशांत सिंह, बाल कल्याण समिति से मुनीश सिंह परिहार, जेंटलमैन बाइसिकल क्लब पुवायां, यूट्यूब चैनल फनडूज़, जिला गंगा समिति सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में माय भारत स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *