लखनऊ, एक फरवरी । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 की सराहना करते हुए इसे ‘विकसित भारत’ के निर्माण का एक प्रेरणादायी संकल्प-पत्र करार दिया। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं, किसानों, श्रमिकों, उद्यमियों और मध्यम वर्ग के लिए नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त करेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, “पावन माघी पूर्णिमा एवं सद्गुरु रविदास जी महाराज की जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के यशस्वी मार्गदर्शन में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 ‘विकसित भारत’ के निर्माण का एक प्रेरणादायी संकल्प-पत्र है।”
उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं को अवसर, किसानों को सुरक्षा, उद्यमियों को प्रोत्साहन, मध्यम वर्ग को राहत और श्रमिकों को सम्मान प्रदान करेगा। योगी ने कहा कि बजट नवाचार, विनिर्माण और रोजगार को नई गति देने के साथ-साथ कृषि, ग्रामीण विकास, अवसंरचना, पर्यटन, संस्कृति और ज्ञान-परंपरा को सशक्त करेगा तथा ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र को साकार करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में एमएसएमई, स्टार्टअप और स्वदेशी उत्पादन को बढ़ावा देकर ‘आत्मनिर्भर भारत’ की नींव को और मजबूत किया गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और सुशासन के माध्यम से यह बजट वर्तमान के साथ-साथ भविष्य के भारत का मार्ग प्रशस्त करेगा। योगी ने इस दूरदर्शी और लोक-कल्याणकारी बजट के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस बीच, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के नेतृत्व में प्रस्तुत बजट युवा एवं महिला सशक्तिकरण, रोजगार सृजन तथा शिक्षा और स्वास्थ्य के सुदृढ़ीकरण पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि यह बजट ठोस नीतियों और परिणामोन्मुख दृष्टि के साथ ‘विकसित भारत-2047’ के लक्ष्य को मजबूती से आगे बढ़ाता है।
मौर्य ने कहा कि मैन्युफैक्चरिंग से लेकर इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वास्थ्य से पर्यटन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था से कृत्रिम बुद्धिमत्ता और खेल से तीर्थाटन तक, हर क्षेत्र में व्यापक अवसर खोलने वाला यह बजट भारत को एक उभरते आर्थिक शक्ति-केंद्र के रूप में नई पहचान देता है।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी बजट को सर्वस्पर्शी, सर्वसमावेशी और विकासोन्मुखी बताते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2026-27 करोड़ों देशवासियों की आशाओं, आकांक्षाओं और महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने वाला है। उन्होंने कहा कि इस बजट के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिद्ध किया है कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि सरकार का दृढ़ संकल्प है।
