कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए असम की जमीन घुसपैठियों को सौंपी: प्रधानमंत्री मोदी

कलियाबोर/नगांव (असम), 18 जनवरी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने अपने शासनकाल के दौरान वोट बैंक की राजनीति के लिए असम की जमीन घुसपैठियों को सौंप दी, जिससे राज्य की जनसांख्यिकी, संस्कृति और सुरक्षा को गंभीर नुकसान पहुंचा।

नगांव जिले में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दशकों में असम में घुसपैठ लगातार बढ़ती रही और अवैध प्रवासियों ने वनों, वन्यजीव गलियारों तथा पारंपरिक संस्थानों पर अतिक्रमण किया। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार अतिक्रमण करने वाले घुसपैठियों को निष्कासित कर असम की पहचान और संस्कृति की रक्षा कर रही है।”

मोदी ने आरोप लगाया कि घुसपैठिए जनसांख्यिकी संतुलन बिगाड़ रहे हैं, संस्कृति पर हमला कर रहे हैं, गरीबों और युवाओं से रोजगार छीन रहे हैं तथा आदिवासी क्षेत्रों की भूमि पर अवैध कब्जा कर रहे हैं, जो असम और देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने लोगों को कांग्रेस से सतर्क रहने की चेतावनी देते हुए कहा कि उसकी नीति केवल घुसपैठियों को संरक्षण देकर सत्ता हासिल करने की है।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि यही दृष्टिकोण कांग्रेस और उसके सहयोगी अन्य राज्यों में भी अपनाते हैं और बिहार चुनाव के दौरान घुसपैठियों के समर्थन में मार्च व रैलियां निकाली गईं, लेकिन जनता ने उन्हें नकार दिया। उन्होंने कहा कि असम की जनता भी कांग्रेस को करारा जवाब देगी।

मोदी ने कहा कि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति का संदेश देती है और इसी कारण देश में मतदाताओं की पहली पसंद भाजपा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि लोग सुशासन और विकास के लिए भाजपा पर भरोसा कर रहे हैं, जिसका प्रमाण हालिया चुनाव परिणाम हैं। प्रधानमंत्री ने बिहार चुनाव, महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों और केरल में भाजपा के महापौर बनने का उल्लेख करते हुए कहा कि देश भर में मतदाता विकास और सुशासन को प्राथमिकता दे रहे हैं।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह केवल एक राष्ट्रीय उद्यान नहीं, बल्कि असम की आत्मा और भारत की जैव विविधता का अमूल्य रत्न है, जिसे यूनेस्को ने विश्व धरोहर स्थल के रूप में मान्यता दी है। उन्होंने यहां 6,957 करोड़ रुपये की ‘काजीरंगा एलिवेटेड कॉरिडोर’ परियोजना की आधारशिला रखी और दो ‘अमृत भारत’ ट्रेनों को डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाई।

मोदी ने कहा कि बाढ़ के समय वन्यजीवों को सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए यह एलिवेटेड कॉरिडोर अत्यंत महत्वपूर्ण होगा, जिससे वाहन ऊपर से गुजरेंगे और गैंडे, हाथी व बाघ जैसे वन्यजीव नीचे बिना बाधा के अपने पारंपरिक मार्गों पर आ-जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ऊपरी असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच कनेक्टिविटी भी बेहतर बनाएगी।

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भाजपा सरकार के प्रयासों से 2025 में काजीरंगा में शिकार के कारण एक भी गैंडे की मौत नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, वन विभाग को आधुनिक संसाधन देने और ‘वन दुर्गा’ पहल के जरिए महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने से यह संभव हो सका है।

मोदी ने कहा कि पूर्वोत्तर ने दशकों तक विकास से दूरी और उपेक्षा झेली, लेकिन केंद्र और राज्यों में भाजपा सरकारों ने इस स्थिति को बदला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में असम को रेल बजट में जहां करीब 2,000 करोड़ रुपये मिलते थे, वहीं अब इसे बढ़ाकर लगभग 10,000 करोड़ रुपये सालाना कर दिया गया है, जिससे बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी में व्यापक सुधार हुआ है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि असम का विकास पूरे पूर्वोत्तर के लिए नए अवसर खोल रहा है और ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ को नई दिशा मिल रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *