ऑनलाइन शादी का झांसा देकर युवती से 15.69 लाख रुपये की ठगी, साइबर थाने में एफआईआर

शाहजहांपुर। शहर में ऑनलाइन शादी के नाम पर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कच्चा कटरा निवासी एक युवती से आरोपी ने शादी का झांसा देकर 15 लाख 69 हजार 300 रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता की शिकायत पर साइबर क्राइम थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

पीड़िता के अनुसार, उसकी पहचान “जीवनसाथी” नामक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के माध्यम से विशाल अग्रवाल नाम के व्यक्ति से हुई थी। आरोपी ने खुद को कनाडा में रहने वाला बताया और दावा किया कि वह जल्द ही अपना कारोबार और घर बेचकर दिल्ली आकर बस जाएगा।

युवती ने बताया कि आठ दिसंबर से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और 10 दिसंबर को आरोपी ने शादी तय होने की बात कहते हुए उपहार भेजने का दावा किया। 11 दिसंबर को एक पार्सल भेजे जाने की जानकारी दी गई, जिसमें अंगूठी, सोने का हार और आईफोन होने की बात कही गई।

इसके बाद 11 दिसंबर को आकाश नाम के एक व्यक्ति ने फोन कर कूरियर चार्ज के नाम पर 26 हजार रुपये मांगे। 12 दिसंबर को गोल्ड सर्टिफिकेट के लिए सरकारी टैक्स बताते हुए 1 लाख 27 हजार 150 रुपये वसूल लिए गए। इसके बाद विनोद खन्ना नामक व्यक्ति ने खुद को अधिकारी बताते हुए डॉलर को भारतीय मुद्रा में बदलने के नाम पर 1 लाख 12 हजार 250 रुपये की मांग की और भरोसा दिलाया कि राशि बाद में वापस कर दी जाएगी।

पीड़िता के अनुसार, 13 दिसंबर को आरोपी ने गलत स्पेलिंग वाला एक चेक भेजा। इस पर आपत्ति जताने पर चेक को डिलीट कर दिया गया और दोबारा सही चेक नहीं भेजा गया। इसके बाद युवती को ठगी का अहसास हुआ।

एफआईआर में पीड़िता ने बताया कि 11 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच अलग-अलग बहानों से कुल 15 लाख 69 हजार 300 रुपये की ठगी की गई। साइबर क्राइम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *