उप्र सरकार ने परिषदीय स्कूलों और केजीबीवी में वार्षिकोत्सव व खेल दिवस के लिए 19.80 करोड़ रुपये जारी किए

लखनऊ, आठ जनवरी – उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्यभर के परिषदीय स्कूलों और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (केजीबीवी) में वार्षिकोत्सव और खेल दिवस कार्यक्रमों के आयोजन के लिए 19.80 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस पहल के तहत प्रदेश के एक लाख 31 हजार से अधिक परिषदीय विद्यालयों और सभी 746 केजीबीवी में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि कार्यक्रमों की तैयारियां जनवरी के अंत तक पूरी कर ली जाएं। इन आयोजनों में स्कूल प्रबंधन समितियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शिक्षा को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित न रखकर उसे मूल्यों, संस्कृति, खेल और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होगा और साथ ही नामांकन तथा उपस्थिति को भी मजबूती मिलेगी।

अधिकारियों के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने के साथ-साथ स्कूलों को समुदाय के सक्रिय केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। वार्षिकोत्सव के दौरान नाटक, कहानी लेखन, भाषण, वाद-विवाद, चित्रकला, रंगोली और पोस्टर निर्माण जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसके अलावा ‘करके सीखना’ पद्धति के तहत छात्रों द्वारा तैयार सामग्री की प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।

खेल दिवस के अवसर पर रिले दौड़ सहित विभिन्न ट्रैक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और जहां संभव होगा, वहां अभिभावकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले और सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा।

स्कूल शिक्षा महानिदेशक मोनिका रानी ने कहा कि यह पहल स्कूलों और समुदाय के बीच विश्वास को मजबूत करेगी और शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने में सहायक सिद्ध होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *