उप्र: शाहजहांपुर में दूसरी मंजिल से युवक-युवती के कूदने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

शाहजहांपुर, 25 जनवरी  — उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक पिज्जा दुकान में कथित ‘छापेमारी’ के डर से दूसरी मंजिल से छलांग लगाने वाले युवक-युवती के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, थाना कांट क्षेत्र में बरेली मोड़ के पास स्थित एक पिज्जा दुकान में शनिवार शाम एक युवक अपनी प्रेमिका के साथ बैठा था। इसी दौरान एक हिंदू संगठन से जुड़े सात–आठ लोग दुकान में घुस आए और वहां मौजूद लोगों से पहचान पत्र मांगने लगे। आरोप है कि इसके बाद उन्होंने अभद्रता शुरू कर दी और वीडियो बनाने लगे, जिससे युवक-युवती घबरा गए।

पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने बताया कि भय के कारण युवती ने इमारत की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी और उसे बचाने के प्रयास में युवक ने भी कूदकर जान जोखिम में डाल दी। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

द्विवेदी के अनुसार, युवक की शिकायत के आधार पर एक संगठन के तीन नामजद और पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में अभिषेक राठौर और सचिन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना के बाद शहर के कुछ कैफे और रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी दुकानों में बने केबिन हटाएं, पर्दों का उपयोग न करें और पारदर्शी शीशे लगाएं। इसके साथ ही अधिकारियों को ऐसे प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करने तथा अवैध गतिविधियां पाए जाने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *