उप्र: प्रतापगढ़ जिला जेल में बंद तीन ट्रांसजेंडर एचआईवी संक्रमित पाए गए

प्रतापगढ़, 23 जनवरी । उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिला कारागार में बंद 13 ट्रांसजेंडर कैदियों की दोबारा कराई गई चिकित्सकीय जांच में तीन के एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जेल प्रशासन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले की गई प्रारंभिक जांच में सात ट्रांसजेंडर कैदियों में एचआईवी संक्रमण की आशंका जताई गई थी, जिसके बाद दोबारा परीक्षण कराने का निर्णय लिया गया।

जिला कारागार अधीक्षक ऋषभ द्विवेदी ने बताया कि बीते रविवार को मारपीट के एक मामले में कुल 13 ट्रांसजेंडर को जेल लाया गया था। प्रवेश के समय कराई गई प्रारंभिक स्वास्थ्य जांच में सात कैदियों में एचआईवी संक्रमण के संकेत मिले थे।

उन्होंने बताया कि इसके बाद मेडिकल कॉलेज के पैथोलॉजी विभाग की टीम ने सभी 13 ट्रांसजेंडर कैदियों के रक्त नमूने लेकर पुनः जांच की, जिसमें तीन के एचआईवी संक्रमित होने की पुष्टि हुई।

अधीक्षक के अनुसार, संक्रमित पाए गए तीनों ट्रांसजेंडर कैदियों को एहतियात के तौर पर अलग बैरक में रखा गया है और उनका चिकित्सकीय उपचार शुरू कर दिया गया है। जेल प्रशासन की ओर से अन्य कैदियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि शेष कैदियों की स्वास्थ्य निगरानी भी लगातार की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *