उप्र : गोंडा में कॉलेज में छात्राओं के बुर्का पहनकर नृत्य करने पर विवाद

गोंडा, 30 जनवरी – उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक इंटर कॉलेज में गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान छात्राओं द्वारा बुर्का पहनकर नृत्य किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। मामले को लेकर हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों में नाराजगी देखी जा रही है, जबकि जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) डॉ. रामचंद्र ने शुक्रवार को बताया कि यह वीडियो मनकापुर कोतवाली क्षेत्र के निर्मल नगर बल्लीपुर स्थित गुरुचरण श्रीवास्तव एआर इंटर कॉलेज का बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीआईओएस के अनुसार, 26 जनवरी को कॉलेज में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी कार्यक्रम से जुड़े 23, 27 और 37 सेकेंड के तीन वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें कुछ छात्राएं बुर्का पहनकर नृत्य करती और भूतों जैसी हरकतें करती नजर आ रही हैं।

उन्होंने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए कॉलेज के प्रबंधक और प्रधानाचार्य को तलब किया गया है।
“जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई की जाएगी,” डीआईओएस ने कहा।

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताते हुए कॉलेज प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। विभिन्न वर्गों की ओर से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की जा रही है।

इस बीच विवाद बढ़ने पर कॉलेज के प्रबंधक राजू श्रीवास्तव ने लिखित रूप से माफी मांग ली है। उन्होंने मनकापुर कोतवाली में सौंपे गए माफीनामे में कहा कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत ‘भूतों की टोली’ मिक्स सांग पर प्रस्तुति दी गई थी।

प्रबंधक ने कहा,
“यदि इस कार्यक्रम से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो विद्यालय परिवार की ओर से मैं क्षमा प्रार्थी हूं।”

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में इस प्रकार का कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा।

फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *