उप्र : कानपुर में आत्महत्या करने वाले युवक के शव को लेकर प्रदर्शन

कानपुर, 30 जनवरी – उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के पनकी इलाके में कथित रूप से धर्म परिवर्तन के दबाव में आकर एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद शुक्रवार को उसके परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार, पनकी थाना क्षेत्र के रतनपुर निवासी रोहित सिंह उर्फ दीपक (23) का शव बुधवार को उसके घर में फांसी के फंदे से लटका मिला था। आत्महत्या से पहले रोहित ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने आरोप लगाया था कि उस पर जबरन धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले आए थे। इसके बाद शुक्रवार सुबह परिजनों और स्थानीय निवासियों ने पनकी–रतनपुर रोड पर शव रखकर प्रदर्शन किया और कथित रूप से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के कारण सड़क पर यातायात बाधित हो गया।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सामान्य करा दिया गया। इसके बाद परिजन शव को घर ले गए।

इस बीच, बजरंग दल के कार्यकर्ता भी विरोध स्थल पर एकत्र हो गए। संगठन के एक स्थानीय पदाधिकारी ने दावा किया कि रोहित पर लखनऊ में धर्मांतरण के मुद्दे को लेकर हमला किया गया था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

परिवार के सदस्यों के अनुसार, रोहित सोमवार को अपनी बहन कोमल से मिलने लखनऊ गया था, जो वहां एक पॉलिटेक्निक संस्थान में पढ़ाई कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कानपुर लौटते समय चारबाग रेलवे स्टेशन पर चार अज्ञात युवकों ने रोहित को अगवा कर उसके साथ मारपीट की और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला।

परिजनों का कहना है कि लखनऊ से लौटने के बाद रोहित कई दिनों तक मानसिक रूप से परेशान और उदास रहा। बुधवार को उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कानपुर के पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने कहा कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मृतक द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड किए गए वीडियो और परिजनों के आरोपों के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने कहा, “सबूत जुटाने और निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।”
पुलिस चारबाग रेलवे स्टेशन सहित अन्य संबंधित स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 12वीं कक्षा उत्तीर्ण रोहित अपने घर के पास एक छोटी किराने की दुकान चलाता था और पहले ऑटो रिक्शा चालक के रूप में भी काम कर चुका था। उसके पिता का छह वर्ष पहले निधन हो गया था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *