उत्तर प्रदेश में हॉकी ट्रॉफी का स्वागत, योगी ने कहा – स्वर्णिम इतिहास की याद दिलाने वाला क्षण

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमिलनाडु में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का बुधवार को लखनऊ में भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस ट्रॉफी का आगमन उत्तर प्रदेश के स्वर्णिम हॉकी इतिहास की याद दिलाने वाला क्षण है।

सीएम ने बताया कि जूनियर पुरुष हॉकी वर्ल्ड कप में भारत, चीन, बेल्जियम, जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड, चिली, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया समेत कुल 24 टीमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का हॉकी में योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहा है। इसी संदर्भ में उन्होंने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद का स्मरण किया, जिनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीते।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मेजर ध्यानचंद की स्मृति को जीवित रखने के लिए मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण किया जा रहा है और इस वर्ष से इसका पहला सत्र शुरू हो चुका है। इसके साथ ही हॉकी के यशस्वी खिलाड़ी केडी सिंह बाबू की स्मृति को जीवित रखने के लिए बाराबंकी में उनके निवास को म्यूजियम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

सीएम योगी ने प्रदेश के प्रमुख हॉकी खिलाड़ियों का भी जिक्र किया और उनकी उपलब्धियों को सराहा। उन्होंने पद्म पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों जैसे मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आरपी सिंह, सुजीत कुमार, रजनीश मिश्रा, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान और अन्य खिलाड़ियों को याद किया। वर्तमान में राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति, पूर्णिमा जैसे खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में चयनित होकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप से जुड़े सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया और प्रतियोगिता के सफल आयोजन की शुभकामनाएँ दी। उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की जीत की भी कामना की। समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, खेल विभाग के सचिव सुहास एल.वाई.वी., हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में आयोजित होगा। टूर्नामेंट में पहली बार 24 टीमें भाग लेंगी। मेजबान भारत ने पहले वर्ष 2001 और 2016 में यह खिताब जीता था और इस बार घरेलू धरती पर तीसरी बार खिताब जीतने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगा।

अधिक जानकारी के लिए पढ़ते रहे : https://readnownews.in/

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *