उत्तराखंड: सोशल मीडिया पर ‘लाइक’ पाने के लिए शेख के लिबास में हर की पौड़ी पहुंचे युवक

गैर-हिंदुओं के लिए प्रतिबंधित हर की पौड़ी क्षेत्र में शेख का लिबास पहनकर घूमते दो युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

हरिद्वार, 14 जनवरी – उत्तराखंड के हरिद्वार में हर की पौड़ी पर अरब के शेख का लिबास पहनकर घूमने वाले दोनों युवक स्थानीय निकले। पुलिस के अनुसार, उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘लाइक’ और ‘कमेंट’ बढ़ाने के उद्देश्य से यह हरकत की थी। यह जानकारी बुधवार को पुलिस अधिकारियों ने दी।

गैर-हिंदुओं के लिए प्रतिबंधित हर की पौड़ी क्षेत्र में शेख का लिबास पहनकर घूमते दो युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया, जिसके चलते पुलिस ने तत्काल उनकी तलाश शुरू की।

हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कुछ घंटों के भीतर सिडकुल क्षेत्र के रावली महदूद गांव निवासी नवीन कुमार और प्रिंस (दोनों की उम्र 22 वर्ष) को हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ में युवकों ने स्वीकार किया कि वे अपने यूट्यूब चैनल की लोकप्रियता बढ़ाने के लिए इस तरह की वीडियो बना रहे थे। उन्होंने यह भी बताया कि इससे पहले हरिद्वार के शिवालिक नगर स्थित ‘पेंटागन मॉल’ में इसी तरह का वीडियो बनाया गया था, जिसे दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी।

पुलिस के अनुसार, युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उन्हें यह अंदाजा नहीं था कि इस कृत्य से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं और बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है। उन्होंने माफी मांगते हुए भविष्य में ऐसी कोई वीडियो न बनाने का आश्वासन दिया।

एसएसपी डोबाल ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई और चेतावनी देकर उन्हें छोड़ दिया गया। दोनों युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के रहने वाले हैं और वर्तमान में सिडकुल क्षेत्र में कार्यरत हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस का संदेश साफ है—धार्मिक स्थलों की मर्यादा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और हरिद्वार की आस्था, परंपरा तथा कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *