उत्तराखंड : अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने की मांग, माता-पिता ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की

अंकिता भंडारी हत्याकांड के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से की मुलाकात

देहरादून, आठ जनवरी । उत्तराखंड में अंकिता भंडारी हत्याकांड के माता-पिता ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपनी बेटी की हत्या की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की है। इस घटनाक्रम के बाद संभावना है कि केस जल्द ही सीबीआई को सौंप दिया जाएगा।

अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने बुधवार रात मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें एक चिट्ठी सौंपी। इसमें उन्होंने उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच की मांग की। अंकिता के पिता ने चिट्ठी में कहा, ”वीआईपी की वजह से हमारी बेटी की हत्या हुई और अब तक इसका पता नहीं चला है। उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में सीबीआई जांच कराई जाए।”

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उन्होंने माता-पिता की बात सुनी है और जल्द ही इस पर विचार कर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा, ”इस हत्याकांड में सबसे अधिक कष्ट अंकिता के माता-पिता को हुआ है। उनकी बात सुनी गई है और जल्द ही निर्णय होगा।”

इस मामले में हाल ही में अभिनेत्री उर्मिला सनावर का कथित नया आॅडियो सामने आया है। इसमें वह पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के साथ बातचीत में सुनाई दे रही हैं, जिसमें उनका दावा है कि भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम का नाम लेने का उन पर दबाव था। इस खुलासे के बाद सीबीआई जांच की मांग जोर पकड़ रही है। कांग्रेस समेत तमाम राजनीतिक और सामाजिक संगठन लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।

गौरतलब है कि वर्ष 2022 में पौड़ी जिले के वनंत्रा रिजॉर्ट में 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों—सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर की थी। इस मामले में तीनों आरोपियों को सत्र न्यायालय ने उम्रकैद की सजा सुनाई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *