नयी दिल्ली, 15 जनवरी – पूर्व चैंपियन लक्ष्य सेन ने संयमित और रणनीतिक खेल का प्रदर्शन करते हुए 9.5 लाख डॉलर इनामी इंडिया ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि भारत के अन्य प्रमुख खिलाड़ी प्रतियोगिता से बाहर हो गए।
इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेले गए दूसरे दौर के मुकाबले में 2021 विश्व चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता लक्ष्य सेन ने जापान के केंटा निशिमोटो को 21-19, 21-11 से हराया। इस जीत के साथ लक्ष्य एकल वर्ग में एकमात्र भारतीय चुनौती के रूप में बचे हैं।
मैच के बाद लक्ष्य ने कहा कि पहले गेम में उन्हें लय पकड़ने में कठिनाई हुई, लेकिन रणनीति में बदलाव और बेहतर डिफेंस से उन्होंने मुकाबले पर नियंत्रण हासिल किया। दूसरे गेम में गति में बदलाव उनके पक्ष में गया।
क्वार्टर फाइनल में अब 24 वर्षीय लक्ष्य का सामना चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा।
इससे पहले, किदांबी श्रीकांत कड़े संघर्ष के बावजूद फ्रांस के क्रिस्टो पोपोव से 21-14, 17-21, 21-17 से हार गए। वहीं, एच. एस. प्रणय सिंगापुर के आठवें वरीय लोह कीन यू से 18-21, 21-19, 21-14 से पराजित हो गए।
पुरुष युगल में शीर्ष वरीय भारतीय जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को जापान की हिरोकी मिडोरिकावा और क्योहेई यामाशिता की जोड़ी से रोमांचक मुकाबले में 27-25, 21-23, 19-21 से हार का सामना करना पड़ा।
महिला एकल में मालविका बंसोड़ चीन की पांचवीं वरीय हान यू से 18-21, 15-21 से हार गईं। वहीं महिला युगल में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद 84 मिनट तक चले मैराथन मुकाबले में चीन की ली यिजिंग और लुओ जुमिन की जोड़ी से 22-20, 22-24, 21-23 से पराजित हो गईं।
