आलमबाग में नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास: जलभराव समस्या से मिलेगी राहत

लखनऊ: आलमबाग क्षेत्र में बुधवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल ने नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। यह नाला बसंत टावर से आलमबाग चौराहे तक लगभग 950 मीटर की लंबाई में निर्मित किया जाएगा, जिसकी लागत लगभग ₹1.48 करोड़ निर्धारित है। लंबे समय से क्षेत्र में व्याप्त जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नाले के निर्माण से स्थानीय निवासियों, दुकानदारों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को वर्षा ऋतु में बड़ी राहत मिलेगी।

शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सम्मानित जन-प्रतिनिधि, व्यापारीगण और नागरिक उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से पार्षद  सौरभ सिंह मोनू जी,  रंजीत सिंह जी, पार्षद प्रतिनिधि गिरीश मिश्रा जी, वरिष्ठ भाजपा नेता  मान सिंह जी,  नानक चंद लखमानी जी,  राकेश श्रीवास्तव जी, भाजपा नेता  करुणेश त्रिपाठी जी, भाजपा वरिष्ठ नेता डॉ. पुष्पा श्रीवास्तव जी, आलमबाग व्यापार मंडल के अध्यक्ष  विजय संमुख जी, संरक्षक  राम कुमार वर्मा जी, वरिष्ठ महामंत्री मो. हसीब बबलू जी,  तेजपाल तेजू जी,  अजीत वर्मा जी,  पप्पू यादव जी, मो. इदरीश बबलू जी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल रहे। कार्यक्रम में जोन 5 के जोनल अधिकारी  विनीत सिंह जी, अधिशासी अभियंता राजीव कुमार शर्मा जी तथा नगर निगम के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान माननीय महापौर ने उपस्थित नागरिकों को माननीय मुख्यमंत्री  योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेशवासियों के नाम लिखी गई पाती के बारे में भी अवगत कराया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में प्रदेश में अवैध रूप से निवास कर रहे घुसपैठियों के विरुद्ध जारी कानूनी कार्रवाई की जानकारी देते हुए नागरिकों से सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को घरेलू अथवा व्यावसायिक कार्य हेतु नियुक्त करने से पूर्व उसकी पहचान सुनिश्चित करना हर नागरिक का दायित्व है।

महापौर ने कहा कि कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक संतुलन बनाए रखने में जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। नागरिकों के सहयोग से ही प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सकती है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि मुख्यमंत्री का यह महत्वपूर्ण संदेश घर-घर तक पहुँचाया जाए ताकि प्रदेश की सुरक्षा को सामूहिक रूप से सुदृढ़ किया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की सुरक्षा और समृद्धि एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। सुरक्षा का मजबूत ढांचा ही विकास की आधारशिला है। उन्होंने आश्वस्त किया कि नगर निगम प्रशासन समाज के हर वर्ग तक इस विषय की जानकारी पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

स्थानीय नागरिकों ने नाले के शिलान्यास को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक सार्थक कदम बताते हुए महापौर एवं नगर निगम का आभार व्यक्त किया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *