आईसीसी ने बांग्लादेश को टी20 विश्व कप से बाहर किया, स्कॉटलैंड को मिली जगह

नयी दिल्ली, 24 जनवरी । अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने बांग्लादेश को आगामी टी20 विश्व कप से बाहर करते हुए उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल करने का फैसला किया है। यह निर्णय बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) द्वारा सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार करने के बाद लिया गया।

स्कॉटलैंड के शामिल होने से पिछले एक महीने से जारी असमंजस समाप्त हो गया। बीसीबी लगातार यह मांग कर रहा था कि उसके मैच भारत के बजाय श्रीलंका में कराए जाएं और उसने यहां तक सुझाव दिया था कि उसका ग्रुप आयरलैंड के साथ बदल दिया जाए। हालांकि आयरिश क्रिकेट बोर्ड ने इस प्रस्ताव को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया था।

सूत्रों के अनुसार, आईसीसी बोर्ड की बैठक में 14-2 के भारी बहुमत से यह फैसला हुआ कि बांग्लादेश को अपने मुकाबले खेलने के लिए भारत आना होगा। इसके बाद आईसीसी ने बीसीबी को अपना रुख बदलने के लिए 24 घंटे की समय-सीमा दी, लेकिन तय समय में कोई औपचारिक जवाब नहीं मिलने के कारण बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया।

आईसीसी के एक वरिष्ठ सूत्र ने गोपनीयता की शर्त पर बताया, “बीसीबी को ईमेल के जरिए सूचित कर दिया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया, इसलिए यह निर्णय लिया गया है। इसके साथ ही उन्हें यह भी स्पष्ट कर दिया गया कि उनकी जगह अब स्कॉटलैंड टूर्नामेंट में हिस्सा लेगा।”
सूत्र ने यह भी कहा कि आईसीसी को औपचारिक सूचना देने से पहले ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस करना प्रोटोकॉल का उल्लंघन था।

आईसीसी ने सभी भागीदार सदस्य देशों को भी बांग्लादेश के हटाए जाने की जानकारी दे दी है। बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल ने, आईसीसी द्वारा बार-बार सुरक्षा आश्वासन दिए जाने के बावजूद, भारत यात्रा के खिलाफ सलाह दी थी।

अब स्कॉटलैंड ग्रुप चरण में अपने चार मुकाबले खेलेगा। वह सात फरवरी को वेस्टइंडीज, नौ फरवरी को इटली और 14 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता में मैदान में उतरेगा, जबकि नेपाल के खिलाफ उसका मैच 17 फरवरी को मुंबई में होगा।

इस बीच, बीसीबी ने हताशा में आईसीसी की विवाद समाधान समिति (डीआरसी) को पत्र लिखकर भारत में मुकाबले कराने के संचालन परिषद के फैसले को पलटने की मांग की थी, लेकिन यह अपील अधिकार क्षेत्र से बाहर होने के कारण स्वीकार नहीं की जाएगी।

आईसीसी द्वारा कराए गए अनिवार्य स्वतंत्र सुरक्षा मूल्यांकन में खतरे का स्तर ‘कम से मध्यम’ आंका गया था, जो सभी टीमों के लिए समान था। इसके बावजूद अंतरिम सरकार के प्रतिनिधि के रूप में आसिफ नजरुल ने फरमान जारी कर टीम को भारत जाने की अनुमति नहीं दी।

इस फैसले का बीसीबी पर आर्थिक असर भी पड़ेगा। बोर्ड को 5 लाख अमेरिकी डॉलर की भागीदारी फीस का नुकसान होगा, वहीं आईसीसी से मिलने वाले वार्षिक राजस्व हिस्से—जो लगभग 330 करोड़ बांग्लादेशी टका (करीब 27 मिलियन अमेरिकी डॉलर) है और बीसीबी के बजट का लगभग 60 प्रतिशत है—पर भी खतरा मंडरा सकता है। इसके अलावा प्रायोजकों से मिलने वाली राशि का नुकसान अलग से होगा।

बीसीबी के पास अब एकमात्र कानूनी विकल्प स्विट्जरलैंड स्थित खेल पंचाट का दरवाजा खटखटाने का है, हालांकि इससे टूर्नामेंट की प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा और टी20 विश्व कप अपने तय कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *