लखनऊ। गणतंत्र दिवस के अवसर पर खेल प्रेमियों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। एक ओर चतुर्थ अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में क्रिकेट बड्डीज ने शानदार प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर चंद्र प्रकाश अग्रवाल मेमोरियल द्वितीय ज्ञान डेरी टेनिस टूर्नामेंट में अनुज और अनुरुद्ध ने दोहरे खिताब जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
आरडीएसओ स्टेडियम में खेले गए टी-20 क्रिकेट मुकाबले में क्रिकेट बड्डीज ने केवीजीएन को 12 रन से हराकर रोमांचक जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए क्रिकेट बड्डीज ने निर्धारित ओवरों में आठ विकेट पर 160 रन बनाए। टीम की ओर से इमरान खान ने 31, आईसी अग्रवाल ने 29, नूर ने 28 और जमाल काजिम ने 18 रन का अहम योगदान दिया। केवीजीएन की ओर से विशाल ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केवीजीएन की टीम नौ विकेट पर 148 रन ही बना सकी। गुफरान ने 42, मोहम्मद जावेद ने 27 और अमित मदान ने 19 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। क्रिकेट बड्डीज के अरविंद मिश्रा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए और मैन ऑफ द मैच चुने गए, जबकि संजय सिंह और नूर को दो-दो विकेट मिले।

इसी दिन लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित द्वितीय ज्ञान डेरी टेनिस टूर्नामेंट का भी सफल समापन हुआ। पुरुष एकल वर्ग में अनुज ने फाइनल में अनुरुद्ध को कड़े मुकाबले में 7-5 से हराकर खिताब जीता। पुरुष युगल में अनुज और अनुरुद्ध की जोड़ी ने शैलेंद्र और वंश राज को टाईब्रेक में 7-3 (7-6) से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। अंडर-18 बालक वर्ग में अनुरुद्ध ने सानिध्य को टाईब्रेक में 7-4 (7-6) से पराजित किया।
अन्य वर्गों में अंडर-16 में सानिध्य, अंडर-14 में तेजस सिंह, अंडर-12 में अभय पाल विजेता बने, जबकि अंडर-10 में मोहम्मद हमदान और अर्श कांत सिंह संयुक्त विजेता घोषित किए गए। समापन समारोह में मुख्य अतिथि वेंकटरमणी संथानम और यूपी टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
