अयोध्या में 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा की तैयारियों का जायजा, प्रशासन अलर्ट

 

अयोध्या। आगामी धार्मिक पर्वों के मद्देनज़र 14 कोसी और पंचकोसी परिक्रमा को लेकर प्रशासनिक तैयारियाँ तेज़ हो गई हैं। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने परिक्रमा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने परिक्रमा पथ की दुश्वारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को शीघ्र सुधार कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सड़क मरम्मत, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन की तैयारियाँ प्राथमिकता पर की जा रही हैं। वहीं, एसएसपी ने परिक्रमा के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

धार्मिक परंपरा के अनुसार, अक्षय नवमी के अवसर पर 14 कोसी परिक्रमा और देवोत्थानी एकादशी पर पंचकोसी परिक्रमा संपन्न होती है। इस वर्ष 14 कोसी परिक्रमा 29 अक्टूबर को प्रातः 4:51 बजे प्रारंभ होगी और 30 अक्टूबर को शाम 4:40 बजे समाप्त होगी। इसके बाद पंचकोसी परिक्रमा 31 अक्टूबर को सुबह 4:04 बजे आरंभ होकर 1 नवंबर की रात 2:57 बजे पूर्ण होगी।

परिक्रमा मार्ग पर वर्तमान में निर्माण कार्य जारी है, जिसे अधिकारियों ने तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए अयोध्या प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा है।

प्रशासन का लक्ष्य है कि परिक्रमा मार्ग पूरी तरह सुगम, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाया जा सके, ताकि आगामी धार्मिक आयोजनों में अयोध्या की आस्था और परंपरा की गरिमा बरकरार रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *