अमेठी गांधी परिवार का था, है और आगे भी रहेगा: सांसद किशोरी लाल शर्मा

अमेठी से कांग्रेस के सांसद किशोरी लाल शर्मा

अमेठी (उप्र), 22 जनवरी । अमेठी से कांग्रेस के सांसद किशोरी लाल शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि अमेठी गांधी परिवार का था, है और आगे भी रहेगा। उन्होंने संकेत दिया कि अमेठी में शीघ्र ही कांग्रेस द्वारा एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें गांधी परिवार का कोई न कोई सदस्य मौजूद रहेगा।

अमेठी के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे शर्मा ने जिला कांग्रेस कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “गांधी परिवार अमेठी का है और अमेठी गांधी परिवार का है। गांधी परिवार हमेशा अमेठी के भले और उसके विकास के बारे में सोचता है।”
उन्होंने कहा कि वह गांधी परिवार के निर्देश पर ही अमेठी आए हैं और उन्हें अमेठी की सेवा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सांसद ने कहा कि अमेठीवासियों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें सांसद चुना है, उसके लिए वह जीवन भर कृतज्ञ रहेंगे और क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “मेरा लक्ष्य केवल अमेठी का विकास और अमेठी की सेवा है। न तो मैं किसी के बारे में गलत सोचता हूं और न ही किसी से मेरा कोई विवाद है।”

गांधी परिवार के अमेठी आने को लेकर पूछे गए सवाल पर शर्मा ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने स्वयं उनसे कहा है कि उन्हें अमेठी ले चलें। उन्होंने बताया कि बहुत जल्द एक बड़े कार्यक्रम की योजना है, जिसमें गांधी परिवार का कोई सदस्य शामिल होगा और राहुल गांधी ने भी अमेठी आने की इच्छा जताई है।

केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए शर्मा ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीबों और मजदूरों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार मनरेगा को बंद करना चाहती है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी।
उन्होंने मनरेगा के भुगतान को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि जब केंद्र का 90 प्रतिशत और राज्य का 10 प्रतिशत हिस्सा था, तब भी भुगतान नहीं हो पाता था, ऐसे में जब राज्य सरकार को 40 प्रतिशत देना होगा तो भुगतान कैसे होगा।

प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए शर्मा ने कहा कि जो लोग खुद को सनातन और संतों का ठेकेदार बताते हैं, उन्हीं के शासन में एक संत के साथ जिस तरह का व्यवहार हुआ, वह अत्यंत निंदनीय है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *