अटल ने भारतीय राजनीति को मूल्यों और आदर्शों से जोड़ा : मुख्यमंत्री योगी

अटल ने भारतीय राजनीति को मूल्यों और आदर्शों से जोड़ा : मुख्यमंत्री योगी

लखनऊ:मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने छह दशक तक भारतीय राजनीति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और उसे मूल्यों व आदर्शों से जोड़ा। उन्होंने कहा कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन अपनी पहचान, मर्यादा और गरिमा के साथ आगे बढ़ना अटल जी से सीखने को मिलता है।

मुख्यमंत्री बुधवार को रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह की उपस्थिति में आयोजित ‘अटल गीत गंगा कार्यक्रम’ को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने ‘अटल महानायक’ पुस्तिका का विमोचन तथा उसकी प्रथम ई-बुक का लोकार्पण भी किया।

सीएम योगी ने अटल जी की प्रसिद्ध कविता ‘हार नहीं मानूंगा, रार नहीं ठानूंगा’ का उल्लेख करते हुए कहा कि संकट के समय उनकी कविताएं हर नागरिक के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी कवि हृदय थे, लेकिन राष्ट्र के प्रति उनकी इच्छाशक्ति और संकल्प उतने ही दृढ़ थे। वे कवि, लेखक, पत्रकार और दूरदर्शी राजनेता के रूप में सदैव स्मरण किए जाएंगे। पूरी दुनिया ने उन्हें सम्मान दिया और देश ने उन्हें अभिभावक के रूप में देखा। अटल जी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राम्य विकास, नगरीय कनेक्टिविटी, सार्वजनिक वितरण प्रणाली को सशक्त करने और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ के सपने को साकार करने में अटल जी की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने बताया कि जब अटल जी ने भाजपा की कमान संभाली, तब परिस्थितियां प्रतिकूल थीं, लेकिन उन्होंने दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ते हुए कहा था— ‘अंधेरा छंटेगा, सूरज निकलेगा।’ विपक्ष से उनका कहना कि ‘भाजपा से लड़ो, भारत से नहीं’ उनकी दूरदृष्टि को दर्शाता है।

सीएम योगी ने कहा कि अटल जी की कविता ‘मेरे प्रभु मुझे इतनी ऊंचाई कभी न देना…’ हर कार्यकर्ता और हर भारतीय के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने बताया कि अटल जी के शताब्दी वर्ष के अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूलों और कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया।

मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को लखनऊ आकर ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ का लोकार्पण करेंगे। इस स्थल पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की 65-65 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। डिजिटल म्यूजियम के माध्यम से राष्ट्रवादी विचारधारा और जीवन दर्शन को प्रदर्शित किया गया है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल में तीन हजार दर्शकों की क्षमता वाला ओपन थियेटर, विशाल मंच, दो लाख लोगों के एकत्र होने की क्षमता वाला मैदान और चार हजार बसों व चारपहिया वाहनों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध है। यह लखनऊ का सबसे बड़ा सार्वजनिक आयोजन स्थल होगा।

कार्यक्रम संयोजक और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अतिथियों का स्वागत किया। ‘अटल गीत गंगा’ कार्यक्रम में कवि कुमार विश्वास ने एकल कविता पाठ किया। इस अवसर पर भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रमापति राम त्रिपाठी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, सांसद बृजलाल, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता सिंह चौहान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *