अखिलेश यादव ने कहा- गांव-गांव तक एआई की पहुंच से ही बनेगा विकसित भारत

हैदराबाद, 13 दिसंबर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश को विकसित बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित करनी होगी। इससे न केवल तकनीकी विकास को गति मिलेगी, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। वह शनिवार को हैदराबाद में आयोजित विजन इंडिया एआई समिट को संबोधित कर रहे थे।

अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि भारत के पास बड़ी जनसांख्यिकीय क्षमता है, लेकिन इसे अवसर में बदलने के लिए ठोस नीतियों और योजनाओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगर देश को वास्तव में विकसित राष्ट्र बनाना है तो जनसांख्यिकीय लाभांश से जुड़ी चुनौतियों पर गंभीरता से विचार करना होगा। इसके लिए स्टार्टअप का मजबूत इको सिस्टम तैयार करना और युवाओं को रोजगार से जोड़ने वाली नीतियां बनानी होंगी।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि सबसे बड़ी चुनौती यह है कि तकनीक, विशेषकर एआई, का लाभ ग्रामीण भारत तक कैसे पहुंचे। गांव के लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़ें, इसके लिए शिक्षा, प्रशिक्षण और डिजिटल संसाधनों की सुलभता जरूरी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों की शिक्षा व्यवस्था को एआई से जोड़ दिया जाए तो इससे बड़ा बदलाव संभव है और देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

डाटा सेंटर नीति पर बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि ऐसी नीति बनाई जानी चाहिए, जिससे “सबका साथ और सबका विकास” सुनिश्चित हो सके। उन्होंने डिजिटल डिवाइड का जिक्र करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी ने इस दिशा में पहले भी काम किया है। सपा सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में लाखों छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए गए थे, ताकि डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा मिल सके।

विजन इंडिया एआई समिट के सुपर सेशन में सवाल-जवाब के दौरान उन्होंने कहा कि एआई का सही और सकारात्मक उपयोग भविष्य की जरूरत है। एआई के माध्यम से किसानों को फसल प्रबंधन, मौसम की जानकारी और बाजार से जुड़ी सूचनाएं मिल सकती हैं, जिससे उनकी आय बढ़ाई जा सकती है। इसके साथ ही शहरीकरण पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में तेजी से शहरीकरण हो रहा है और शहरों का बेहतर होना जीवनस्तर सुधारने के लिए जरूरी है। सालिड वेस्ट मैनेजमेंट और वेस्ट कलेक्शन में एआई के प्रयोग से व्यवस्थाओं में बड़ा सुधार आ सकता है।

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि देश में एआई अभी शुरुआती दौर में है, इसलिए इसके उचित नियंत्रण और प्रभावी उपयोग के लिए स्पष्ट नीति बनाना जरूरी है। इस कार्यक्रम में यूपी के पूर्व मुख्य सचिव आलोक रंजन, सांसद राजीव राय और पूर्व मंत्री अभिषेक मंत्री सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *