अंडर-19 विश्व कप: आयुष म्हात्रे की विस्फोटक पारी से भारत ने न्यूजीलैंड को सात विकेट से हराया

आयुष म्हात्रे

बुलावाये, 24 जनवरी– कप्तान आयुष म्हात्रे की 27 गेंदों में खेली गई 53 रन की धमाकेदार पारी की बदौलत भारत ने शनिवार को अंडर-19 विश्व कप में न्यूजीलैंड को डकवर्थ-लुईस पद्धति से सात विकेट से करारी शिकस्त दी।

बारिश से प्रभावित इस मुकाबले में भारतीय टीम ने हरफनमौला प्रदर्शन करते हुए 37-37 ओवर का संशोधित मुकाबला आसानी से अपने नाम किया और टूर्नामेंट में दबदबा कायम रखा।

न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 22 रन तक पांच विकेट गंवा चुकी थी, जिसके बाद बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा। मैच के फिर से शुरू होने पर इसे 37-37 ओवर का कर दिया गया। न्यूजीलैंड की टीम 36.2 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गई।

भारत ने संशोधित लक्ष्य 130 रन का पीछा करते हुए महज 13.3 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लगातार तीसरी जीत दर्ज की और ग्रुप-बी में शीर्ष स्थान हासिल किया।

भारतीय तेज गेंदबाजों के लिए माकूल परिस्थितियों में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। आर.एस. अम्ब्रिश ने 29 रन में चार विकेट और हेनिल पटेल ने 23 रन में तीन विकेट हासिल कर न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके दिए।

न्यूजीलैंड की ओर से शीर्ष पांच बल्लेबाजों में केवल स्रेहित रेड्डी (10) ही दो अंकों तक पहुंच सके। निचले क्रम के बल्लेबाजों ने कुछ देर तक संघर्ष किया, लेकिन टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने में असफल रही। अंत में जैकब कॉटर (23), कैलम सैमसन (37) और सेल्विन संजय (28) ने कुछ उपयोगी रन जोड़े, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने टीम अपनी पकड़ बनाए रखने में नाकाम रही। भारत की ओर से खिलान पटेल, मोहम्मद इनान और कनिष चौहान ने एक-एक विकेट लिया।

भारत को लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती झटका लगा और आरोन जॉर्ज (7) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी (23 गेंदों में 40 रन; दो चौके, तीन छक्के) और कप्तान म्हात्रे ने दूसरे विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।

सूर्यवंशी अर्धशतक पूरा करने में चूक गए, जब जसकरण संधू की गेंद पर मेसन क्लार्क को कैच दिया गया। वहीं म्हात्रे ने 27 गेंदों में 53 रन (दो चौके, छह छक्के) बनाकर शानदार अर्धशतक पूरा किया और सेल्विन संजय की गेंद पर फ्लिन मोरी को कैच थमा दिया।

इसके बाद विहान मल्होत्रा (नाबाद 17) और वेदांत त्रिवेदी (नाबाद 13) ने पारी को संभालते हुए भारत को 14वें ओवर में ही जीत की दहलीज पार करवा दी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *