टीईटी-2026 आवेदन के लिए डिजिटल भुगतान व्यवस्था मजबूत, एसबीआई के साथ एमओयू

लखनऊ, 19 मार्च 2026। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस पहल का उद्देश्य टीईटी-2026 के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है।

आयोग के एलनगंज स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में यह समझौता संपन्न हुआ। इसके तहत एसबीआई द्वारा “ई-पे” भुगतान गेटवे सेवा को एकीकृत किया गया है, जिससे शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 के लिए पंजीकरण शुल्क का संग्रह अब तेज, सुरक्षित और सुगम तरीके से किया जा सकेगा। खास बात यह है कि यह सेवा अभ्यर्थियों के लिए पूरी तरह निशुल्क होगी।

समारोह में आयोग के सचिव मनोज कुमार और बैंक के उपमहाप्रबंधक पवन कुमार अरोरा ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इसके बाद आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार और एसबीआई लखनऊ सर्किल के मुख्य महाप्रबंधक दीपक कुमार डे ने इसका औपचारिक आदान-प्रदान किया।

इस अवसर पर बैंक के महाप्रबंधक राजीव कुमार, सहायक महाप्रबंधक स्वदेश श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। एमओयू के समन्वय में मुख्य प्रबंधक गरिमा श्रीवास्तव और शाखा प्रबंधक राजेश कुमार साहू (कर्नलगंज) की अहम भूमिका रही।

आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशान्त कुमार ने कहा कि यह साझेदारी अभ्यर्थियों को सुरक्षित और पारदर्शी भुगतान प्रणाली उपलब्ध कराने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इससे न केवल आवेदन प्रक्रिया आसान होगी, बल्कि डिजिटल लेनदेन को भी बढ़ावा मिलेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *