लखनऊ, 03 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंचकर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा इलाज कर रहे चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी भी ली।
महंत नृत्य गोपाल दास को 29 जून को सांस लेने में तकलीफ और संक्रमण की शिकायत के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है और अगले दो-तीन दिनों में उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल सकती है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अस्पताल में डॉक्टरों से उपचार की प्रगति की जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि महंत के संक्रमण पर नियंत्रण पा लिया गया है और उनकी स्थिति पहले से बेहतर है। पिछले पांच दिनों से उनका इलाज आईसीयू में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में चल रहा है।
मेदांता अस्पताल के चिकित्सा निदेशक डॉ. राकेश कपूर ने बताया कि 89 वर्षीय महंत नृत्य गोपाल दास को 29 जून की दोपहर अचेत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। जांच में उन्हें सांस लेने में तकलीफ और मूत्र मार्ग संक्रमण (यूटीआई) की पुष्टि हुई, जिसके बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती कर क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. दिलीप दुबे और उनकी टीम की निगरानी में उपचार शुरू किया गया।
गौरतलब है कि महंत नृत्य गोपाल दास श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष हैं और राम मंदिर आंदोलन, भूमि पूजन, मंदिर निर्माण तथा प्राण प्रतिष्ठा समारोह में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
