लखनऊ | 30 जुलाई, 2026: कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय, भारत सरकार के जन शिक्षण संस्थान, गोमती नगर, लखनऊ, लघु उद्योग भारती-महिला इकाई तथा इनरव्हील क्लब ट्रांसगोमती के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को ब्रह्मकुमारीज राजयोग प्रशिक्षण केंद्र, गुलज़ार उपवन में ग्रामीण महिला उद्यमी जागरूकता एवं निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान द्वारा संचालित दर्जी एडवांस्ड प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाली 20 ग्रामीण महिलाओं को राष्ट्रीय प्रचार समिति, लखनऊ की प्रमुख कंचन सिंह ने कौशल प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने महिलाओं से बहुकौशलयुक्त बनकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
लघु उद्योग भारती, उत्तर प्रदेश की उपाध्यक्ष रीता मित्तल ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की सलाह दी।
जन शिक्षण संस्थान के निदेशक अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि संस्थान ग्रामीण क्षेत्रों और नगरीय मलिन बस्तियों में रहने वाले 15 से 45 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं, विशेषकर महिलाओं को विभिन्न कौशल प्रशिक्षण देकर स्वावलंबी बना रहा है। उन्होंने कहा कि ‘दक्षता स्वावलंबन सम्मान’ और ‘कौशल आपके द्वार’ जैसी पहल के तहत प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं तथा भारत सरकार के सिद्ध (SIDH) पोर्टल के माध्यम से एनसीवीईटी प्रमाणपत्र उपलब्ध कराया जाता है, जिससे प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार में सहायता मिलती है।
मुख्य वक्ता एवं राष्ट्रीय लघु उद्योग निगम लिमिटेड (एनएसआईसी) के वरिष्ठ महाप्रबंधक विजय प्रकाश ने एमएसएमई क्षेत्र की विभिन्न लाभकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को उद्यमिता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ लघु उद्योग भारती की महिला सचिव प्रियंका वर्मा ने गणेश वंदना के साथ किया। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी पन्नालाल, सहायक कार्यक्रम अधिकारी नीतू यादव, संगणक संचालक कल्पना सिंह, यंग प्रोफेशनल मोहम्मद अली अयान सहित करीब 100 लोग उपस्थित रहे।