पश्चिम बंगाल चुनाव जीतेगी भाजपा, हर घुसपैठिये को बाहर निकालेंगे हम: अमित शाह

अररिया, 26 फरवरी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव जीतेगी और राज्य से “हर घुसपैठिये” को बाहर निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर घुसपैठ राष्ट्रीय सुरक्षा, जनसांख्यिकीय संतुलन और कल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है।

शाह अररिया में सशस्त्र सीमा बल की 175 करोड़ रुपये लागत की परियोजनाओं के लोकार्पण और दो नई सीमा चौकियों के राष्ट्र को समर्पण के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिक्रमण और तस्करी जैसी चुनौतियों से निपटने में एसएसबी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और संवेदनशील सीमाओं के लिए विशेष मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जानी चाहिए।

गृह मंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार ने जनसांख्यिकीय बदलाव का अध्ययन करने और संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित करने का निर्णय लिया है। उनके अनुसार बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल इस बदलाव से अधिक प्रभावित राज्यों में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कार्रवाई की शुरुआत बिहार के सीमांचल क्षेत्र से की जाएगी।

अपने संबोधन में शाह ने कहा कि सीमा सुरक्षा के साथ-साथ जवानों और उनके परिवारों के कल्याण पर भी सरकार का विशेष ध्यान है। उन्होंने केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के लिए आवास योजना, स्वास्थ्य बीमा और आश्रितों के लिए छात्रवृत्ति जैसी सुविधाओं का उल्लेख किया।

इस बीच विपक्षी दलों ने गृह मंत्री के बयान की आलोचना की। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के नेता अख्तरुल ईमान ने आरोप लगाया कि यह बयान चुनावी संदर्भ में समुदाय विशेष को निशाना बनाने जैसा है। वहीं भाकपा (माले) लिबरेशन के विधायक संदीप सौरव ने कहा कि घुसपैठ के मुद्दे को राजनीतिक रूप से उछाला जा रहा है।

गृह मंत्री ने अपने संबोधन की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानी विनायक दामोदर सावरकर को श्रद्धांजलि अर्पित कर की और कहा कि राष्ट्रवाद को सुदृढ़ करने में उनके योगदान को देश सदैव स्मरण रखेगा।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *