‘भाजपा अपना नाम भारतीय चीटिंग पार्टी रख ले’ : जन्मदिन पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश का सरकार पर तीखा हमला

'भाजपा अपना नाम भारतीय चीटिंग पार्टी रख ले' : जन्मदिन पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश का सरकार पर तीखा हमला

 लखनऊ, 01 जुलाई। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को अपने 53वें जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, संविधान, आस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी को अब अपना नाम बदलकर “भारतीय चीटिंग पार्टी” रख लेना चाहिए।

प्रेस वार्ता की शुरुआत में अखिलेश यादव ने हल्के-फुल्के अंदाज में मीडियाकर्मियों से कहा कि आज उनके जन्मदिन पर कोई कड़वा सवाल न पूछा जाए। इसके बाद उन्होंने कहा कि मर्यादा का पहला नाम भगवान श्रीराम हैं और दूसरा नाम देश का संविधान है, लेकिन भाजपा दोनों के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में जो भी गलत हो रहा है, उसे स्वयं भगवान श्रीराम जनता के सामने ला रहे हैं।

सपा प्रमुख ने कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रभु श्रीराम को लेकर जो टिप्पणी की थी, वह एक सच्चे रामभक्त की भावना से की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा हमेशा संविधान और जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है तथा वह अपने संसदीय बहुमत के आधार पर संविधान बदलना चाहती है, जिसे विपक्ष सफल नहीं होने देगा।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि थानों, तहसीलों और अधिकारियों की पोस्टिंग में क्या हो रहा है, यह किसी से छिपा नहीं है। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि “दूध का दूध और पानी का पानी हो न हो, लेकिन कम से कम जनता की चांदी की जगह चांदी और सोने की जगह सोना तो वापस मिल जाए।”

हाल में मस्जिद ढहाए जाने की घटना से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा को किसी भी धर्म या उसकी संस्कृति से कोई सरोकार नहीं है और उसके नेताओं के लिए केवल धन ही सबसे बड़ा धर्म बन चुका है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर फैसला एक राजनीतिक दल अकेले नहीं कर सकता।

आगामी चुनावों और गठबंधन की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि वर्तमान राजनीति को आम लोग आसानी से समझ नहीं पा रहे हैं। उन्होंने संकेतों में कहा कि “अगर कोई हमें गिफ्ट भेजेगा, तभी हम उसे रिटर्न गिफ्ट देंगे।”

उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों की तैयारी में जुटने का आह्वान करते हुए बताया कि समाजवादी पार्टी जल्द ही पूरे प्रदेश में व्यापक सदस्यता अभियान शुरू करेगी। इसके तहत बूथ स्तर पर “पीडीए प्रहरी” डिजिटल माध्यम से नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाने और समाजवादी विचारधारा से लोगों को जोड़ने का कार्य करेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने अंजलि नाम की एक युवती को समाजवादी पार्टी की सदस्यता भी दिलाई। अंजलि वही युवती हैं जिन्होंने कुछ दिन पहले लखनऊ में आयोजित एक भंडारे में उन्हें आमंत्रित किया था।

Related Post

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *