लखनऊ, 03 जून 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की प्रभावी कार्यप्रणाली और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विकसित आधुनिक सूचना तंत्र का अध्ययन करने बिहार सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों की एक उच्चस्तरीय टीम बुधवार को लखनऊ पहुंची। टीम ने उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशालय का भ्रमण कर विभागीय व्यवस्थाओं, नवाचारों और जनसंपर्क अभियानों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान बिहार की टीम ने निदेशक सूचना विशाल सिंह से शिष्टाचार भेंट की और सूचना प्रसार, मीडिया प्रबंधन तथा जनसंपर्क गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की। अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश में संचालित प्रचार-प्रसार की व्यवस्थाओं, मीडिया समन्वय और जनसंपर्क अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि यहां विकसित कई व्यवस्थाएं बिहार के लिए भी उपयोगी साबित हो सकती हैं। उन्होंने इन मॉडलों को अपने राज्य में लागू करने की संभावनाओं पर भी रुचि व्यक्त की।

बिहार से आए अधिकारियों ने निदेशालय के विभिन्न प्रभागों और अनुभागों का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने समाचार एवं मीडिया कवरेज प्रभाग, पत्रकार कल्याण एवं नीतिगत प्रभाग, क्षेत्रीय एवं ग्रामीण पहुंच प्रभाग, रचनात्मक एवं प्रदर्शनी प्रभाग, आउटडोर एवं सांस्कृतिक प्रचार प्रभाग तथा स्थापना एवं वित्त प्रभाग के कार्यों का अवलोकन किया। विभागीय अधिकारियों ने प्रत्येक इकाई की भूमिका, दायित्व और कार्यप्रणाली की जानकारी दी।
अधिकारियों को बताया गया कि उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग राज्य सरकार की योजनाओं, विकास परियोजनाओं और महत्वपूर्ण निर्णयों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग कर रहा है। बिहार की टीम ने समाचार संकलन, प्रेस विज्ञप्ति निर्गमन, मीडिया समन्वय, जनसंपर्क अभियानों के संचालन तथा त्वरित एवं तथ्यपरक सूचना प्रसारण की प्रक्रिया का विशेष अध्ययन किया।
टीम ने पत्रकार कल्याण योजनाओं, मान्यता व्यवस्था तथा पत्रकारों के हितों के संरक्षण के लिए संचालित व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों का भी अवलोकन किया।
रचनात्मक एवं प्रदर्शनी प्रभाग द्वारा तैयार प्रचार सामग्री, विभागीय प्रकाशनों, प्रदर्शनियों और दृश्य-श्रव्य माध्यमों के उपयोग ने बिहार के अधिकारियों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। वहीं सांस्कृतिक प्रचार प्रभाग द्वारा लोककलाओं और पारंपरिक संचार माध्यमों के जरिए चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों की भी सराहना की गई।
बिहार की टीम ने तकनीक आधारित सूचना प्रबंधन प्रणाली, बेहतर समन्वय तंत्र, त्वरित सूचना संप्रेषण व्यवस्था और जनहितकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने सूचना एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में कई अनुकरणीय मॉडल विकसित किए हैं, जिनसे अन्य राज्य भी सीख ले सकते हैं।
इस अवसर पर दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच सूचना प्रसार, मीडिया प्रबंधन, डिजिटल संचार, जनसंपर्क अभियानों और सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श भी हुआ। बिहार की टीम ने उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की कार्यशैली को व्यवस्थित, नवाचारपूर्ण और परिणामोन्मुख बताते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार के लिए विकसित यह मॉडल अन्य राज्यों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।
