नयी दिल्ली, 14 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को ‘ऐतिहासिक’ करार दिया और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी और कल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास की मुहर है।
नड्डा ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि चुनाव में राजग को मिला प्रचंड बहुमत यह भी साबित करता है कि बिहार की जनता ने महागठबंधन के कथित ‘जंगल राज’ और भ्रष्टाचार को पूरी तरह नकार दिया और सत्तारूढ़ गठबंधन के सुशासन, स्थिरता और विकास के मॉडल को अपनाया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “बिहार में राजग को मिला ऐतिहासिक जनसमर्थन प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की डबल इंजन सरकार की विकासोन्मुखी और जनकल्याणकारी नीतियों पर जनता के विश्वास की मुहर है।”
उन्होंने यह भी कहा कि यह अभूतपूर्व जनादेश बिहार को एक विकसित राज्य बनाने और भारत को एक विकसित देश के रूप में आगे बढ़ाने के राजग के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
बिहार विधानसभा चुनावों में राजग ने कुल 243 सीटों में से लगभग 200 से अधिक सीटों पर बढ़त हासिल की, जिसमें भाजपा 90 सीटों पर आगे होकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। वहीं, राजद, कांग्रेस और तीन वामपंथी दलों वाले महागठबंधन को 35 सीटों का आंकड़ा पार करने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
अधिक ख़बरों के लिए पढ़ते रहे : https://readnownews.in/
