लखनऊ/बांदा, 09 जुलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बांदा जिले के कालू कुआं चौराहे पर वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वीरांगना अवंती बाई ने भारत की आन, बान और शान की रक्षा तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका त्याग, साहस और बलिदान आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी की प्रतिमा का अनावरण करना उनके लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने बांदा के प्रमुख स्थलों पर राष्ट्रनायकों और वीर-वीरांगनाओं की प्रतिमाएं स्थापित कर वर्तमान और भावी पीढ़ी के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पूर्व भी उन्हें बांदा में दो महत्वपूर्ण प्रतिमाओं के अनावरण का अवसर मिला था और अब वीरांगना अवंती बाई की प्रतिमा के अनावरण से यह गौरवशाली परंपरा आगे बढ़ी है।
मुख्यमंत्री ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय पूरे देश में स्वतंत्रता की अलख जगी थी। बैरकपुर में मंगल पांडे ने क्रांति की चिंगारी जलाई, मेरठ में धन सिंह गुर्जर ने उसका नेतृत्व किया, कानपुर के बिठूर में तात्या टोपे ने संघर्ष को आगे बढ़ाया और झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई ने अद्वितीय वीरता का परिचय दिया। इसी महान परंपरा में वीरांगना रानी अवंती बाई लोधी ने भी मातृभूमि की रक्षा को सर्वोच्च मानते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि आज भले ही वीरांगना अवंती बाई हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका साहस, संघर्ष और राष्ट्रभक्ति आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी। मुख्यमंत्री ने प्रतिमा स्थापना से जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में राष्ट्रनायकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को और मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम में जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद, लोक निर्माण विभाग के राज्यमंत्री कुंवर बृजेश सिंह, बांदा सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नरैनी विधायक ओममणि वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कल्लू राजपूत सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
